Bihar MLC Election 2026: मोकामा में MLC चुनाव के बीच भारी बवाल, नीरज और अनंत समर्थक भिड़े, DSP ने भीड़ को खदेड़ा, कई हिरासत में
Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट पर मतदान के बीच मोकामा में सियासी तनातनी सड़क पर उतर आई। ...
Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट पर मतदान के बीच मोकामा में सियासी तनातनी सड़क पर उतर आई। शुक्रवार को मतदान केंद्र के पास जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थकों और अनंत सिंह समर्थित प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह के समर्थकों के बीच भिड़ंत की स्थिति पैदा हो गई। दोनों पक्षों के लोगों के बीच तीखी बहस और हंगामे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा। बार के एसडीपीओ रामकृष्ण ने खुद मोर्चा संभाला और हंगामा कर रही भीड़ को मौके से हटाया। पुलिस ने तीन से चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेजे जाने की कार्रवाई की।
मतदान केंद्र के पास तीखी बहस, पुलिस ने संभाली कमान
जानकारी के मुताबिक, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान के दौरान मोकामा में दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। मतदान केंद्र के नजदीक कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच बढ़ते विवाद के बाद पुलिस सक्रिय हुई।
एसडीपीओ रामकृष्ण ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। हंगामा कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लोगों को वहां से खदेड़ा। इस दौरान कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें थाने भेज दिया।प्रशासन की सक्रियता के बाद स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
नीरज कुमार बनाम अनुज कुमार सिंह, सियासी मुकाबले ने बढ़ाई गर्मी
मोकामा में हुए इस घटनाक्रम के पीछे पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनावी मुकाबला चर्चा में है। जेडीयू ने इस सीट से नीरज कुमार को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर, मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह का समर्थन कर रहे हैं। अनंत सिंह की ओर से अनुज कुमार सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार किए जाने से राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हुई है।
एक तरफ जेडीयू का आधिकारिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, तो दूसरी तरफ उसी पार्टी के विधायक द्वारा दूसरे उम्मीदवार का समर्थन किए जाने से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस घटनाक्रम को पार्टी के भीतर मतभेद के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
मतदान के बीच कानून-व्यवस्था बनी अहम चुनौती
चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों के आसपास शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मोकामा में समर्थकों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर भीड़ को हटाया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
पटना स्नातक सीट पर टिकी राजनीतिक दलों की निगाहें
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इस बार उम्मीदवारों की दावेदारी के साथ राजनीतिक समर्थन और स्थानीय समीकरणों के कारण भी चर्चा में है। नीरज कुमार और अनुज कुमार सिंह के बीच मुकाबले के दौरान अनंत सिंह की भूमिका ने चुनावी हलचल को बढ़ाया है।फिलहाल, मोकामा की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और मतदान के दौरान शांति व्यवस्था पर नजर बनी हुई है। चुनावी बयानबाजी और समर्थकों के बीच विवाद के बीच अंतिम फैसला मतगणना के बाद ही सामने आएगा।
रिपोर्ट- प्रियदर्शन शर्मा