Bihar News: हर साल राबड़ी देवी के आवास पर क्यों जाता है मुहर्रम का ताजिया जुलूस? लालू यादव के शासन काल से चली आ रही इस परंपरा के बारे में जानिए
Bihar News: ताजिया जुलूस राबड़ी आवास पहुंचा। जहां राबड़ी देवी ने पूरे परिवार के साथ ताजिया जुलूस की पूजा पाठ की। वहीं इस दौरान लालू यादव करतब देखते दिखे....

Bihar News: मुहर्रम के अवसर पर राजधानी पटना स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास (10 सर्कुलर रोड) पर ताजिया जुलूस पहुंचा। इस मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग ताजिया लेकर राबड़ी निवास पहुंचे। जहां पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ ताजिया की पूजा की। इस धार्मिक आयोजन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।
लालू यादव ने देखा अखाड़े का करतब
लालू यादव अपने आवास के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखाड़े के करतबों का आनंद लेते नजर आए। अखाड़ा दल ने लाठी चलाकर पारंपरिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। जिसे देखकर लालू यादव ने उन्हें उत्साहित किया। राबड़ी देवी के साथ उनकी दोनों बेटियां रागिनी यादव और हेमा यादव भी इस आयोजन में सम्मिलित हुईं। दोनों ने ताजिया के समक्ष माथा टेका और अखाड़े के सदस्यों को प्रसाद वितरित किया।
वर्षों पुरानी परंपरा
बताया जाता है कि यह परंपरा दशकों पुरानी है। जब लालू प्रसाद मुख्यमंत्री थे तब से ही मुहर्रम के अवसर पर ताजिया जुलूस उनके आवास पहुंचता रहा है। राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी यह परंपरा जारी रही और आज भी हर वर्ष ताजिया उनके आवास पर श्रद्धा के साथ लाया जाता है।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
ताजिया जुलूस और अखाड़ा देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग 10 सर्कुलर रोड के बाहर इकट्ठा हुए थे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ताजिया की पूजा-अर्चना के बाद जुलूस आगे के गंतव्य की ओर रवाना हो गया।
पटना से रंजन की रिपोर्ट