पटना में रेल ट्रैक पर छात्रा और युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद: 5 दिन से लापता थी बीए की छात्रा, जांच में जुटी पुलिस

पटना के कंकड़बाग निवासी 5 दिन से लापता छात्रा और एक अज्ञात युवक की लाश रेलवे ट्रैक से बरामद हुई है। मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस हत्या और दुर्घटना दोनो पहलुओँ को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है.....

पटना में रेल ट्रैक पर छात्रा और युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद
पटना में रेल ट्रैक पर छात्रा और युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में राजेंद्र नगर टर्मिनल के पूर्वी छोर स्थित कुम्हरार के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती और एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। करीब एक किलोमीटर के दायरे में बिखरे शवों के टुकड़ों को रेल पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।


कंकड़बाग निवासी 23 वर्षीय छात्रा शैली रानी के रूप में हुई मृतिका की पहचान

रेल पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतका की पहचान कंकड़बाग थाना क्षेत्र (चौधरी पेट्रोल पंप के पास) की रहने वाली 23 वर्षीय शैली रानी के रूप में की, जो बीए पार्ट-2 की छात्रा थी। परिजनों ने बताया कि शैली 5 अक्टूबर से लापता थी। परिजनों ने 6 अक्टूबर को कंकड़बाग थाने में उसकी गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। केस की अनुसंधानकर्ता (IO) फरहीन आलम ने बताया कि 6 अक्टूबर को शैली का लास्ट लोकेशन पटना के मरीन ड्राइव मिला था, जिसके बाद उसके कई दोस्तों को थाने बुलाकर पूछताछ भी की गई थी।


4 खातों से 2 लाख का ट्रांजैक्शन: परिजनों को साइबर अपराधियों द्वारा ट्रैप किए जाने का शक

मृतका के पिता संजीव प्रजापति ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि शैली ने उनके 4 अलग-अलग बैंक खातों से लगभग 2 लाख रुपये कई अनजान खातों में ट्रांसफर किए थे। वह पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान चल रही थी और घरवालों से बातचीत भी कम कर रही थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि शैली साइबर ठगों के जाल (डिजिटल अरेस्ट या साइबर ट्रैप) में फंस गई थी। परिजनों ने हत्या की आशंका भी व्यक्त की है।


फॉरेंसिक टीम और रेल पुलिस जांच में जुटी, युवक की पहचान बाकी

घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। कंकड़बाग थाने की आईओ फरहीन आलम को भी रेल पुलिस ने बुलाया है ताकि गुमशुदगी से जुड़े तार जोड़े जा सकें। फिलहाल रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान के प्रयास जारी हैं।


अनिल की रिपोर्ट