Bihar Politics : मोकामा में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का हुआ आयोजन, मंत्री अशोक चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह सहित कई नेताओं ने किया शिरकत

Bihar Politics : मोकामा में एनडीए कार्यकर्त्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. जिसमें मंत्री अशोक चौधरी के साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह सहित कई नेता शामिल हुए......पढ़िए आगे

Bihar Politics : मोकामा में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का हुआ
एनडीए सम्मेलन का आयोजन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी कड़ी में मोकामा के मोर में एनडीए की विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलन श्रृंखला के तहत आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मलेन को संबोधित करते हुए ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में नेता की विचारधारा, लोक-कल्याण का संकल्प और उन्नति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता सर्वोपरि होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कुशल वित्तीय प्रबंधन, दूरदर्शी नेतृत्व और आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प के बल पर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त राज्य की मजबूत नींव डाली है। इसी के परिणामस्वरूप आज बिहार विकास, सुशासन और नए अवसरों का पर्याय बन चुका है।

चौधरी ने कहा कि जब वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की कमान संभाली थी, तब राज्य जातीय उन्माद, अराजकता और हिंसा से झुलस रहा था। 118 नरसंहारों के साये में सिसकता बिहार महज़ 2.3% की विकास दर और ₹23,000 करोड़ के सीमित वार्षिक बजट में सिमटा हुआ था। लेकिन आज बिहार नीतीश कुमार और मंत्री भारत सरकार ललन सिंह के समन्वित नेतृत्व में आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से बढ़ चुका है। राज्य का वार्षिक बजट ₹3.17 लाख करोड़ से अधिक हो गया है तथा विकास दर बढ़कर लगभग 10% के आसपास पहुँच चुका है।

चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का साधन बनाया है। वर्ष 2005 में जहाँ 10.5% बच्चे स्कूल छोड़ देते थे, आज यह आंकड़ा घटकर 1% से भी कम हो चुका है। विशेषकर महादलित, अल्पसंख्यक और अतिपिछड़े वर्ग के बच्चों को तालीमी मरकज़ और टोला सेवक के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ा गया। बालिका पोशाक योजना और साइकिल योजना जैसी क्रांतिकारी पहलों ने लाखों बच्चियों को स्कूल लौटाया और उन्हें आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। वर्ष 2005 में जहाँ मैट्रिक परीक्षा में मात्र 4 लाख विद्यार्थी सम्मिलित होते थे, आज यह संख्या 18 लाख को पार कर चुकी है, जिनमें 8.5 लाख बेटियाँ हैं। यह नारी सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण है।

मंत्री ने कहा कि मोकामा की धरती पर उमड़ा जनसैलाब, कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह इस सच्चाई का जीवंत प्रमाण है कि जनता विकास, प्रगति और सुशासन की राह में एनडीए के साथ अटूट विश्वास और मजबूती के साथ खड़ी है। कार्यक्रम के अंत में चौधरी ने कहा कि "यह सब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदृष्टि, सुशासन और समावेशी सोच का प्रतिफल है।" उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आग्रह किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बिहार की स्थिरता, समरसता और तीव्र विकास की गति को और सुदृढ़ करने हेतु मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को भरपूर समर्थन दें।

इस दौरान मंत्री अशोक चौधरी के साथ केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, मंत्रिमंडल की साथी शीला मंडल, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन, पूर्व विधायक अनंत सिंह, हम के प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण, लोजपा (आर) के अरविन्द सिंह, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के महासचिव एवं जदयू नेता छोटू सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, जनता दल (यू) के जिलाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी, लोजपा (आर) के जिलाध्यक्ष  रंजीत यादव, हम पार्टी के जिलाध्यक्ष धनंजय मांझी, आरएलएम के जिलाध्यक्ष पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में एनडीए घटक दलों के प्रदेश/जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।