बिजली विभाग की लापरवाही से एक परिवार मे मातम, खेत में गिरे बिजली तार के चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत

नवादा जिले में बिजली विभाग की लापरवाही ने एक घर के चिराग को बुझा दिया । कादिरागंज थाना क्षेत्र के गोइठाडीह गांव में खेत में गिरे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा खेत से घर वापस लौट रहा था........

बिजली विभाग की लापरवाही से एक परिवार मे मातम, खेत में गिरे ब
खेत में गिरे बिजली तार के चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में बिजली विभाग की निरंतर लापरवाही एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार के लिए काल बन गई है। कादिरगंज थाना क्षेत्र के गोइठाडीह गांव में मंगलवार को खेत में हाई वोल्टेज बिजली का जर्जर तार टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर गोविंद कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक स्थानीय ग्रामीण जोगिंदर राजवंशी का पुत्र था, जिसकी अकाल मृत्यु से पूरे गांव में कोहराम मच गया है।


खेत से लौटते समय हुआ हादसा, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंद अपने खेत से वापस घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रहा बिजली का मुख्य तार टूटकर सीधे खेत में गिर गया। किशोर जब तक कुछ समझ पाता, वह तार में प्रवाहित हो रहे तेज करंट की चपेट में आ गया और वहीं झुलसकर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक पढ़ाई के साथ-साथ खेती-बाड़ी में भी माता-पिता का हाथ बंटाता था।


परिजनों का फूटा गुस्सा, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

इस वीभत्स घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से मृतक की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज करने और उचित मुआवजे की मांग की है।


जर्जर तारों की भरमार, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

क्रोधित ग्रामीणों का आरोप है कि पूरे क्षेत्र में बिजली के तार अत्यंत जर्जर स्थिति में लटके हुए हैं और बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा समय पर इनकी मरम्मत या रिप्लेसमेंट नहीं की जाती। खेतों में किसानों और मजदूरों का रोजाना आना-जाना रहता है, लेकिन विभाग की ओर से सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रखरखाव की इसी घोर अनदेखी के कारण ग्रामीण इलाकों में इस तरह के जानलेवा हादसे अब आम हो चुके हैं।


नवादा में करंट से बढ़ती मौतें, उठ रही सर्वे की मांग

यह दर्दनाक हादसा नवादा बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़ा करता है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की कमी, नंगे तार और नियमित पेट्रोलिंग न होने से कई निर्दोष जिंदगियां असमय खत्म हो रही हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बिजली विभाग तुरंत पूरे जिले में जर्जर तारों का व्यापक सर्वे कराए और खेतों व घनी बस्तियों के ऊपर से गुजरने वाले खतरनाक तारों को अविलंब बदला जाए।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट