Bihar Politics: नीतीश के रास्ते पर निशांत, इस दिन शुरु करेंगे बिहार दौरा, एक साल तक का रोडमैप तैयार
Bihar Politics: निशांत कुमार एक साल तक बिहार दौरा करेंगे। निशांत कुमार पूरे बिहार का दौरा कर आम लोगों से संवाद स्थापित करना चाहते हैं। वे अपनी इस यात्रा की शुरुआत चंपारण से करने की तैयारी में हैं
Bihar News: नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार फिलहाल सक्रिय राजनीति में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाएंगे। जानकारी के अनुसार उन्होंने सरकार में शामिल होने से इनकार कर दिया और पार्टी संगठन को मजबूत करने पर फोकस करने की इच्छा जताई है। सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार पूरे बिहार का दौरा कर आम लोगों से संवाद स्थापित करना चाहते हैं। वे अपनी इस यात्रा की शुरुआत चंपारण से करने की तैयारी में हैं और राज्य के सभी 38 जिलों में जाकर लोगों से रूबरू होंगे।
राजनीति में पैर जमाएंगे निशांत
निशांत जल्दी बाजी में कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं संभालना चाहते थे, इसलिए निशांत ने डिप्टी सीएम पद को अपनाने से इनकार कर दिया। निशांत के इस फैसले ने भले ही सियासी गलियारों पर हलचल फैला दी लेकिन नीतीश कुमार के परिवारवाद के खिलाफ की छवि को बरकरार रखा। जानकारी अनुसार निशांत फिलहाल सक्रिय राजनीति में आगे नहीं आएंगे बल्कि वो धीरे धीरे अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करेंगे।
बदली भूमिका में जदयू, भाजपा के पास नेतृत्व
इस दौरान वे जमीनी स्तर पर जनसमस्याओं को समझेंगे और नीतीश कुमार द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों का फीडबैक भी लेंगे। राज्य की नई एनडीए सरकार में जदयू की भूमिका में बदलाव देखने को मिला है। अब सरकार में नेतृत्व की भूमिका भाजपा के पास है, जबकि जदयू सहयोगी दल के रूप में कार्य कर रही है। पहली बार भाजपा से मुख्यमंत्री बना है और जदयू के दो नेताओं को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।
जदयू की स्थिति होगी मजबूत
निशांत कुमार के उपमुख्यमंत्री नहीं बनने के बाद पार्टी को अनुभवी नेताओं की जरूरत थी। ऐसे में विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी का मानना है कि इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के चलते एनडीए सरकार में जदयू की स्थिति मजबूत बनी रहेगी और सरकार संचालन में संतुलन बना रहेगा।