Bihar Politics: निशांत कुमार की डिप्टी CM पद पर ताजपोशी की तैयारी! इनकी हरी झंडी का है इंतजार

Bihar Politics:डिप्टी सीएम बनाने की अटकलों ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। ...

Nishant Kumar
निशांत कुमार की डिप्टी CM पद पर ताजपोशी की तैयारी!- फोटो : X

Bihar Politics:डिप्टी सीएम बनाने की अटकलों ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। जनता दल यूनाइटेड के भीतर उन्हें सरकार में बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की मांग जोर पकड़ रही है। हालांकि, इस ताजपोशी के रास्ते में कुछ ऐसे सियासी पेच फंसे हैं, जिनकी वजह से अंतिम फैसले पर अभी सहमति नहीं बन पाई है।सूत्रों की मानें तो जनता दल यूनाइटेड का एक बड़ा धड़ा चाहता है कि सरकार में पार्टी की तरफ से केवल निशांत कुमार ही डिप्टी सीएम  रहें। इसके लिए मौजूदा डिप्टी सीएम  विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को पद से हटाने की चर्चा है। भाजपा के एक धड़े को भी यह फार्मूला रास आ रहा है। माना जा रहा है कि इससे सरकार में तालमेल बेहतर होगा और निशांत को पार्टी के नए पावर सेंटर के तौर पर स्थापित करने में मदद मिलेगी। सीएम सम्राट चौधरी के एक बयान को भी इस सियासी कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने एक सभा में कहा था कि दोनों भाई (सम्राट और निशांत) एकजुट हो जाएं तो कोई उनका बाल भी बांका नहीं कर सकता। उनके इस बयान को कुर्मी-कोईरी यानी लव-कुश समीकरण के सियासी संदेश के तौर पर देखा गया।

नीतीश कुमार की हरी झंडी का इंतजार

निशांत की ताजपोशी में सबसे बड़ा पेंच उनके पिता नीतीश कुमार की सहमति को लेकर बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश फिलहाल उन्हें जल्दबाजी में डिप्टी सीएम  बनाने के पक्ष में नहीं हैं। उनकी प्राथमिकता निशांत को प्रशासनिक कामकाज की बारीकियां समझाने और राजनीतिक अनुभव दिलाने की है। बताया जा रहा है कि अस्पतालों की निगरानी और खाद्य सुरक्षा जैसे मसलों पर निशांत की सक्रियता को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। नीतीश चाहते हैं कि वह इसी तरह जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाएं। सरकारी कामकाज, अधिकारियों की कार्यशैली और प्रशासनिक फैसलों को करीब से समझने के बाद ही उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिले।

विजय चौधरी को हटाने पर भाजपा की दुविधा

दूसरा बड़ा पेच जातीय और सामाजिक समीकरण का है। फिलहाल सरकार में विजय चौधरी भूमिहार समाज से आते हैं, जबकि बिजेंद्र प्रसाद यादव यादव समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। यदि विजय चौधरी को हटाकर केवल निशांत को डिप्टी सीएम  बनाया जाता है तो भाजपा के सामने सवर्ण वोट बैंक की नाराजगी का खतरा पैदा हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा पहले से ही सवर्ण मतदाताओं के बदलते रुझान को लेकर सतर्क है। ऐसे में विजय चौधरी को हटाने का फैसला पार्टी के लिए आसान नहीं होगा। दूसरी तरफ, 80 वर्ष से अधिक उम्र के बिजेंद्र प्रसाद यादव के पद छोड़ने की चर्चा भी तेज है। उनकी जगह निशांत को लाने से ओबीसी समीकरण पर खास असर पड़ने की संभावना नहीं मानी जा रही।

कैबिनेट फेरबदल के बिना नहीं बनेगी बात

निशांत को सरकार में सबसे वरिष्ठ मंत्री और जदयू का प्रमुख पावर सेंटर बनाने की राह में संवैधानिक प्रक्रिया भी अहम है। मंत्रियों की वरिष्ठता तय करने में शपथ का क्रम महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में विजय चौधरी पद पर बने रहते हैं तो निशांत को उनसे ऊपर स्थापित करना राजनीतिक और प्रशासनिक तौर पर चुनौतीपूर्ण होगा।इसका एक रास्ता पूरी कैबिनेट का इस्तीफा लेकर दोबारा शपथ ग्रहण कराना हो सकता है। इस प्रक्रिया में निशांत को पहले और विजय चौधरी को बाद में शपथ दिलाने का फार्मूला अपनाया जा सकता है।

यूपी चुनाव से पहले हो सकती है ताजपोशी

सियासी चर्चाओं के मुताबिक, भाजपा चाहती है कि निशांत की ताजपोशी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हो जाए। इससे सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी को लव-कुश समीकरण के चेहरे के तौर पर चुनाव प्रचार में उतारा जा सकेगा। इसे अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले की काट के रूप में भी इस्तेमाल करने की रणनीति मानी जा रही है। हालांकि, नीतीश कुमार की सहमति नहीं मिलने पर यह फैसला चुनाव के बाद तक टल सकता है। तब कैबिनेट के कामकाज की समीक्षा और नए सामाजिक-राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर फेरबदल किया जा सकता है।

फिलहाल बिहार की सियासत में सबसे बड़ा सवाल यही है कि निशांत कुमार की ताजपोशी कब होगी और क्या भाजपा विजय चौधरी को हटाकर जदयू की इस मांग पर मुहर लगाएगी? इसका जवाब नीतीश कुमार की सहमति और दोनों दलों के बीच होने वाली सियासी सौदेबाजी पर निर्भर करेगा।