Chhath Rush: छठ पर बिहार लौटना विदेश जाने से भी महंगा! दिल्ली-पटना फ्लाइट के फेयर में बेतहाशा वृद्धि, ट्रेनों में 300 तक वेटिंग

Chhath Rush: दिल्ली से पटना आने वाली फ्लाइट का किराया विदेश यात्रा से भी महंगा हो गया है। ...

Chhath Rush
छठ पर पटना आना विदेश जाने से भी महंगा- फोटो : X

Chhath Rush: छठ महापर्व पर अपने घर लौटने की चाह रखने वाले बिहार के लोगों की जेब पर इस बार महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है। छठ पर्व पर घर लौटने के लिए विदेश घूमने से भी ज्यादा किराया देना पड़ रहा है। दिल्ली से पटना आने वाली फ्लाइट के एक टिकट की कीमत 21 हजार रुपए तक पहुंच गई है। सामान्य दिनों की तुलना में पटना आने वाली फ्लाइट के किराए में औसतन करीब 183 प्रतिशत तक उछाल दर्ज किया गया है, जबकि कुछ रूटों पर किराया 400 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

वहीं दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू का टिकट महज 8 हजार, बांग्लादेश की राजधानी ढाका का 9,463 और थाईलैंड के बैंकॉक का 17,279 रुपए में उपलब्ध है। सामान्य दिनों के मुकाबले पटना की फ्लाइट के किराए में औसतन करीब 183 प्रतिशत तक उछाल दिख रहा है। कुछ रूटों पर किराए में 400 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।दिल्ली और कोलकाता से गया एयरपोर्ट की फ्लाइट एक विकल्प के रूप में देखी जा रही है। इस एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ानों की संख्या पटना की तुलना में कम है। 

12 नवंबर को दिल्ली से गया का शुरुआती किराया करीब 11,365 रुपए और कोलकाता से 14,505 रुपए दिख रहा है। 13 नवंबर को दिल्ली का किराया और बढ़ जाता है, जबकि कोलकाता से आने का किराया घटता है।मिथिलांचल में छठ मनाने के लिए आने वाले यात्रियों के लिए दरभंगा एयरपोर्ट महत्वपूर्ण विकल्प बन गया है। 12 नवंबर को दिल्ली से दरभंगा का शुरुआती किराया 18,862 रुपए दिख रहा है। मुंबई और बेंगलुरु से आने पर भी यात्रियों को 16 से 18 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ सकते हैं। दरभंगा के लिए चेन्नई, अहमदाबाद और कोलकाता से डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है। इन शहरों से आने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट के विकल्प हैं।

सीमांचल के यात्रियों के लिए पूर्णिया एयरपोर्ट एक नया विकल्प बनकर उभरा है। यहां से दिल्ली, कोलकाता और अहमदाबाद सहित प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी है। 12 नवंबर को दिल्ली से पूर्णिया आने का सीधा टिकट करीब 10 हजार रुपए में उपलब्ध दिखा। वहीं कोलकाता से आने का किराया करीब 4 हजार रुपए है। पूर्णिया के लिए चेन्नई, मुंबई और बेंगलुरु से डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है।

रेलवे की स्थिति भी चिंताजनक है। दिल्ली, मुंबई, पुणे और कोलकाता की सभी प्रमुख नियमित ट्रेनों में 20 नवंबर तक नो रूम यानी टिकट बुकिंग बंद की स्थिति बन गई है। पटना से दिल्ली और अन्य महानगरों की 10 सबसे लोकप्रिय नियमित ट्रेनों तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध, श्रमजीवी, पूर्वा, विक्रमशिला, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति, सिकंदराबाद, पुणे और संघमित्रा एक्सप्रेस में अगले दो हफ्तों तक टिकट मिलना नामुमकिन है। स्लीपर से एसी तक वेटिंग लिस्ट 200 से 300 के पार पहुंच चुकी है।

इस दोतरफा दबाव (आने और जाने) से निपटने के लिए रेलवे और राज्य परिवहन विभाग ने नियमित ट्रेनों में सीटें फुल होने के बाद यात्रियों के लिए 236 स्पेशल ट्रेनों, 30 प्रतिशत किराए की छूट के साथ 200 विशेष बसों और शेयरिंग टैक्सी का समाधान तैयार किया है।कुल मिलाकर छठ पर्व के कारण बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को भारी किराए और टिकट की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है।

 फ्लाइट के विकल्पों में गया, दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट कुछ राहत दे सकते हैं, जबकि रेलवे स्पेशल ट्रेनों और बसों के जरिए भीड़ संभालने की कोशिश कर रहा है। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि समय रहते बुकिंग कर लें।