प्रजापति समाज के लिए निशांत का बड़ा ऐलान, 2 MLC सीट सहित उत्थान को प्राथमिकता गिनाई
निशांत ने कहा कि उनके पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए अति पिछड़ा समाज के सम्मान और उत्थान को प्राथमिकता दी है।
Bihar News : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने प्रजापति समाज को लेकर बड़ा बयान दिया है। पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में रविवार को बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति की ओर से आयोजित आभार-सह-सम्मान समारोह में शामिल हुए निशांत ने कहा कि प्रजापति समाज के मान-सम्मान, हुनर और अधिकारों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी।
समारोह को संबोधित करते हुए निशांत ने कहा कि प्रजापति समाज से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों का सम्मान सिर्फ उनका सम्मान नहीं, बल्कि पूरे समाज के सम्मान और राजनीतिक सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एनडीए ने विधान परिषद की 9 सीटों में से 5 सीटों पर अति पिछड़ा समाज को प्रतिनिधित्व दिया है। इनमें 2 सीटें प्रजापति समाज को मिलना समाज की राजनीतिक भागीदारी को और मजबूत करता है।
समाज के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध
निशांत ने कहा कि प्रजापति समाज पीढ़ियों से मिट्टी को आकार देकर बिहार की संस्कृति और परंपरा को समृद्ध करता आया है। समाज की मेहनत और हुनर को सम्मान मिलना बेहद सुखद है।
उन्होंने कहा कि उनके पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए अति पिछड़ा समाज के सम्मान और उत्थान को प्राथमिकता दी है। शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में हुए काम इसी सोच का परिणाम हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रजापति समाज के मान-सम्मान, हुनर और अधिकारों के लिए उनकी प्रतिबद्धता हमेशा कायम रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज को राजनीतिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने की दिशा में आगे भी लगातार काम किया जाएगा।