BJP National President: नितिन नवीन बने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, आज होगी आधिकारिक घोषणा, पार्टी की कमान पहली बार युवा के हाथ

BJP National President: भाजपा को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल चुका है। थोड़ी देर में नितिन नवीन के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। नितिन नवीन भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे।

नितिन नवीन
भाजपा के सबसे युवा अध्यक्ष - फोटो : social media

BJP National President: लंबे समय के इंतजार के बाद आखिरकार भारतीय जनता पार्टी को उसका नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल चुका है। हालांकि आधिकारिक घोषणा 11 बजे होगी लेकिन राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय है। नितिन नवीन ने सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। नामांकन भरने वाले वो अकेले उम्मीदवार हैं ऐसे में उनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। नितिन नवीन भाजपा के पहले युवा अध्यक्ष होंगे ऐसे में उनके पैतृक गांव अमावां रजौली प्रखंड में भी जश्न का माहौल है। 

नितिन नवीन बने सबसे युवा अध्यक्ष 

दरअसल, पार्टी के राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी के. लक्ष्मण ने सोमवार को बताया कि नितिन नवीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के दौरान सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। नामांकन वापस लेने की अवधि समाप्त होने के बाद नितिन नवीन ही एकमात्र उम्मीदवार बचे हैं। उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में की जाएगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मौजूद रहने की भी संभावना है।

46वें वर्ष में पार्टी की कमान युवा नेता के हाथ 

यह संयोग ही है कि भाजपा की स्थापना के 46वें वर्ष में पार्टी की कमान सबसे युवा नेता नितिन नवीन संभालने जा रहे हैं। 45 वर्षीय नितिन नवीन को इससे पहले 14 दिसंबर को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा 15 दिन से एक महीने के भीतर की जा सकती है। 

नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी को लेकर चर्चा तेज 

नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के साथ ही नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, नवीन की टीम में युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन में करीब 70 फीसदी पदाधिकारी 55 से 60 वर्ष से कम आयु के हो सकते हैं, जबकि लगभग 30 फीसदी पद 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नेताओं को दिए जाने की संभावना है। राष्ट्रीय स्तर पर महामंत्री, मंत्री, मोर्चा और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष जैसे अहम पदों पर नए और युवा चेहरे सामने आ सकते हैं। संगठन में कुल सात महामंत्री होते हैं, जिनमें संगठन महामंत्री की नियुक्ति आरएसएस द्वारा की जाती है। वर्तमान में यह जिम्मेदारी बीएल संतोष के पास है।

इनको मिल सकती है जगह 

सूत्रों का कहना है कि विनोद तावड़े और सुनील बंसल को नई कार्यकारिणी में जगह मिल सकती है, जबकि अरुण सिंह, दुष्यंत गौतम, तरुण चुग और डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल जैसे कुछ महामंत्रियों में बदलाव संभव है। इसके अलावा पार्टी की शीर्ष निर्णयकारी इकाई संसदीय बोर्ड में भी नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है, हालांकि संसदीय बोर्ड का गठन राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बाद किया जाएगा।

26 साल में विधायक, 45 में भाजपा अध्यक्ष

नितिन नवीन 26 वर्ष की उम्र में पहली बार विधायक बने थे। बांकीपुर से वो 5 बार के विधायक हैं।  वर्ष 2006 में उनके पिता और वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के निधन के बाद उन्होंने पटना पश्चिम विधानसभा सीट से उपचुनाव जीता। इसके बाद बांकीपुर सीट से लगातार पांच विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की। वहीं अब 45 वर्ष की उम्र में नितिन नवीन भाजपा की कमान संभालने जा रहे हैं। उनके अध्यक्ष बनने के साथ ही भाजपा संगठन में पीढ़ीगत बदलाव की उम्मीद भी जताई जा रही है।

पैतृक गांव में जश्न का माहौल 

नितिन नवीन 45 वर्ष की उम्र में पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले पहले नेता हैं। सुबह 11 बजे औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। ऐसे में उनके पैतृक गांव अमावां रजौली प्रखंड, नवादा में सुबह 11 बजे से भव्य जश्न शुरू होगा। विधायक अनिल सिंह की देखरेख में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विधायक अनिल सिंह ने कहा कि 251 किलो लड्डू बनवाए गए हैं। गुलाल की होली खेली जाएगी और पूरे गांव में उत्साह का माहौल है। नवीन ने 'गांव चलो' अभियान की शुरुआत भी इसी गांव से की थी। स्थानीय लोग इसे बिहार के गौरव का क्षण मान रहे हैं।