'जी सर पूजा करके आये हैं हुजुर'... सीएम नीतीश ने विधान परिषद में सुनील सिंह के तिलक लगाकर सदन में आने पर दागा सवाल !
सुनील कुमार बोल रहे थे तब नीतीश कुमार ने माथे पर ऊँगली घुमाकर इशारा किया , नीतीश के इशारे पर पलटवार करते हुए कहा- 'जी सर पूजा करके आये हैं हुजुर'।
Nitish Kumar : बिहार विधान परिषद में बुधवार को उस समय दिलचस्प स्थिति बन गई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद एमएलसी डॉ. सुनील कुमार सिंह के माथे पर लगे तिलक को लेकर संकेतों में सवाल उठाया। भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही के दौरान जब डॉ. सिंह अपनी बात रख रहे थे, तभी मुख्यमंत्री ने माथे की ओर उंगली घुमाकर इशारा किया। इस पर डॉ. सिंह ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जी सर, पूजा करके आए हैं हुजूर।” इस टिप्पणी के बाद सदन में कुछ देर के लिए इशारों हल्की नोकझोंक और ठहाकों का माहौल बन गया।
दरअसल, डॉ. सुनील कुमार सिंह बिहार में उद्योगों को महंगी बिजली मिलने के मुद्दे पर सरकार की नीतियों की आलोचना कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्यों की तुलना में बिहार में बिजली दरें अधिक हैं, जिससे निवेश का माहौल प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने राज्य के इथेनॉल प्लांटों का मुद्दा उठाते हुए बताया कि बिहार में इथेनॉल उत्पादन के लिए 20 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए, जिनमें से 14 इकाइयां स्थापित की गईं। हालांकि, उनके अनुसार वर्तमान में सात इकाइयां बंदी के कगार पर हैं। उन्होंने इसका प्रमुख कारण केंद्र सरकार द्वारा इथेनॉल उत्पाद के कोटे में 50 प्रतिशत कटौती को बताया।
डॉ. सिंह ने कहा कि निवेशकों ने मुख्यमंत्री के भरोसे पर बिहार में निवेश किया, लेकिन अब वे कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। यदि हालात नहीं सुधरे तो हजारों लोगों की नौकरियां प्रभावित होंगी और मक्का किसानों को भी नुकसान होगा। उन्होंने सरकार से इस मामले में गंभीर पहल करने की मांग की।
इसी बीच नीतीश कुमार ने सुनील कुमार की इन बातों पर ध्यान देने के बदले उनके माथे पर तिलक लगाने पर सवाल दागा। जब सुनील कुमार बोल रहे थे तब नीतीश कुमार ने माथे पर ऊँगली घुमाकर इशारा किया क्योंकि सुनील सिंह ने तिलक लगा रखी थी। नीतीश के इशारे पर पलटवार करते हुए 'जी सर पूजा करके आये हैं हुजुर'।