Nitish Kumar Bulletproof Range Rover: नीतीश कुमार के काफिले में होगी बुलेटप्रूफ रेंज रोवर की एंट्री, सुरक्षा के नाम पर बड़ा सियासी फैसला, सादगी से सख़्त पहरे तक

Nitish Kumar Bulletproof Range Rover:बिहार की सियासत में एक बार फिर सुरक्षा और प्रतीकात्मक राजनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है।...

Nitish Kumar to get bulletproof Range Rover security shift
नीतीश कुमार के काफिले में होगी बुलेटप्रूफ रेंज रोवर की एंट्री- फोटो : social Media

Nitish Kumar Bulletproof Range Rover:बिहार की सियासत में एक बार फिर सुरक्षा और प्रतीकात्मक राजनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही आपको बुलेटप्रूफ रेंज रोवर एसयूवी में सफर करते हुए नजर आएंगे। अब तक अपनी सादगी भरी सार्वजनिक छवि के अनुरूप इलेक्ट्रिक कारों और स्वदेशी कंपनियों की गाड़ियों में चलने वाले मुख्यमंत्री के काफिले में यह एक बड़ा और अहम बदलाव माना जा रहा है। बिहार सरकार ने चार हाई-सिक्योरिटी, बुलेटप्रूफ रेंज रोवर एसयूवी की खरीद को हरी झंडी दे दी है।

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह से सुरक्षा कारणों से लिया गया है और इसका किसी भी तरह से राजनीतिक दिखावे से कोई लेना-देना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, बुलेटप्रूफ रेंज रोवर की खरीद की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही ये गाड़ियां राज्य के विशिष्ट सुरक्षा काफिले का हिस्सा बनेंगी। यह पहला मौका होगा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आधिकारिक काफिले में कोई हाई-एंड लग्जरी एसयूवी शामिल होगी।

सूत्रों के अनुसार, जिस रेंज रोवर मॉडल को चुना गया है, वह अपनी श्रेणी की सबसे सुरक्षित गाड़ियों में शुमार है। इसमें बुलेटप्रूफ बॉडी, एडवांस्ड कम्युनिकेशन सिस्टम, विस्फोट रोधी तकनीक और अत्याधुनिक सुरक्षा फीचर्स लगाए गए हैं। ऐसी गाड़ियों का इस्तेमाल देश-विदेश में शीर्ष संवैधानिक पदों पर बैठे नेता और राष्ट्राध्यक्ष करते हैं। बदलते सुरक्षा हालात और बढ़ते खतरों को देखते हुए बिहार सरकार ने यह कदम उठाया है।

जानकारी के मुताबिक, Z+ सुरक्षा कवर वाले विशिष्ट व्यक्तियों के लिए इस खरीद को जुलाई 2025 में मंजूरी दी गई थी। चार गाड़ियों के लिए कुल 11 करोड़ 17 लाख 29 हजार 412 रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रति गाड़ी की कीमत 2 करोड़ 79 लाख 32 हजार 353 रुपये है। सूत्रों ने यह भी बताया कि इन चार में से एक गाड़ी उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

सियासी गलियारों में इस फैसले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समर्थक इसे बदलते दौर में जरूरी सुरक्षा इंतजाम बता रहे हैं, जबकि विपक्ष सादगी की राजनीति पर सवाल खड़े कर रहा है। बहरहाल, इतना तय है कि नीतीश कुमार के काफिले में रेंज रोवर की एंट्री बिहार की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे चुकी है।