पटना से दिल्ली शिफ्ट हो रहे नीतीश कुमार, 9 सुनहरी बाग का आलीशान बंगला है बेहद खास, राहुल गांधी के बनेंगे पड़ोसी

Nitish Kumar, 9 Sunheri Bagh, 9 Sunheri Bagh Residence delhi, Rahul Gandhi, Nitish Kumar become Rahul Gandhi Neighbour

Nitish Kumar Residence 9 Sunheri Bagh
Nitish Kumar Residence 9 Sunheri Bagh- फोटो : news4nation

Nitish Kumar 9 Sunheri Bag : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार अब राजधानी पटना से दिल्ली शिफ्ट होने जा रहे हैं। नीतीश कुमार दिल्ली पहुंचेंगे और 17 जुलाई को 9 सुनहरी बाग स्थित अपने नए सरकारी आवास में गृह प्रवेश करेंगे। इस दौरान आवास पर पूजा-अर्चना का कार्यक्रम भी होगा। गृह प्रवेश कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत बीजेपी और जेडीयू के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, नीतीश कुमार के उसी दिन पटना लौटने की भी संभावना जताई जा रही है।


राज्यसभा सांसद बनने के बाद केंद्र सरकार ने नीतीश कुमार को दिल्ली के बेहद महत्वपूर्ण लुटियंस जोन में 9 सुनहरी बाग स्थित टाइप-8 सरकारी बंगला आवंटित किया है। अब तक पटना से बिहार की राजनीति की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार का नया राजनीतिक ठिकाना दिल्ली बनने जा रहा है। ऐसे में उनकी राजनीति के बिहार से निकलकर दिल्ली और केंद्र की राजनीति के और करीब आने के संकेत मिल रहे हैं।


राहुल गांधी के पड़ोसी बनेंगे नीतीश

9 सुनहरी बाग दिल्ली के सबसे हाई-प्रोफाइल और हाई-सिक्योरिटी इलाकों में शामिल है। इस इलाके में देश के कई बड़े राजनीतिक नेता रहते हैं। नए आवास के साथ नीतीश कुमार कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पड़ोसी बन जाएंगे। यानी बिहार की राजनीति के सबसे बड़े चेहरों में शामिल नीतीश कुमार अब दिल्ली के उस राजनीतिक गलियारे का हिस्सा होंगे, जहां देश की सत्ता और विपक्ष के शीर्ष नेताओं का बसेरा है।


कैसा है 9 सुनहरी बाग का बंगला?

9 सुनहरी बाग का आवास टाइप-8 श्रेणी का सरकारी बंगला है। यह केंद्र सरकार के सबसे उच्च श्रेणी के सरकारी आवासों में शामिल है। लुटियंस दिल्ली के सरकारी बंगलों में आम तौर पर बड़ा परिसर, पर्याप्त हरित क्षेत्र, सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों के लिए सुविधाएं और बड़े आवासीय हिस्से शामिल होते हैं। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार लुटियंस दिल्ली में टाइप-7 और टाइप-8 श्रेणी के कुल 520 सरकारी बंगले हैं।


9 सुनहरी बाग जैसे वीआईपी इलाके की सबसे बड़ी खासियत इसका रणनीतिक और राजनीतिक महत्व है। यह इलाका संसद, केंद्रीय मंत्रियों और शीर्ष राजनीतिक नेताओं के सरकारी आवासों के करीब है। यहां से नीतीश कुमार के लिए केंद्र की राजनीति में सक्रिय रहना और बिहार से जुड़े राजनीतिक समीकरणों पर नजर बनाए रखना पहले की तुलना में और आसान होगा।


निशांत भी रहेंगे साथ

नीतीश कुमार के दिल्ली शिफ्ट होने के दौरान उनके बेटे निशांत के भी साथ वहां जाएंगे। हालांकि, नीतीश कुमार का बिहार से रिश्ता खत्म नहीं होगा। पटना और बिहार में उनकी राजनीतिक सक्रियता बनी रहेगी, लेकिन अब दिल्ली उनका नया प्रमुख राजनीतिक ठिकाना होगा।


नीतीश कुमार का दिल्ली जाना सिर्फ सरकारी आवास बदलने की कवायद नहीं है। मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा की राजनीति में आने के बाद यह बदलाव उनके राजनीतिक जीवन के एक नए चरण की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। अब बिहार की राजनीति के अनुभवी नेता नीतीश कुमार दिल्ली के 9 सुनहरी बाग से बिहार और केंद्र की राजनीति के बीच अपनी भूमिका को आगे बढ़ाएंगे।