Bihar Politics: नीतीश कुमार से संजय झा- उमेश कुशवाहा की मुलाकात, NDA में बढ़ी सियासी हलचल

Bihar Politics: दो निर्दलीय विधान पार्षदों के भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने की चर्चा के बीच जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। ...

Nitish Meets JDU Leaders
नीतीश कुमार से संजय झा- उमेश कुशवाहा की मुलाकात- फोटो : reporter

Bihar Politics:बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दो निर्दलीय विधान पार्षदों के भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने की चर्चा के बीच जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। संजय झा और उमेश कुशवाहा की पूर्व मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलों को हवा दे दी है।

बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं ने नीतीश कुमार से मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा की। हालांकि, मुलाकात में किन मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन दो निर्दलीय विधान पार्षदों के भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में जाने की खबरों के बीच इस बैठक को अहम माना जा रहा है।

इस घटनाक्रम के बीच जनता दल यूनाइटेड  नेताओं अभिषेक झा और आनंद पुष्कर की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस भी स्थगित कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय झा के बीच बातचीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस टालने का फैसला लिया गया।

बता दें कि  इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी हार को लेकर सवाल उठाए जाने थे। ऐसे में ऐन वक्त पर कार्यक्रम स्थगित होने से राजनीतिक चर्चाओं को और बल मिला है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या एनडीए  के भीतर सहयोगी दलों के बीच किसी मुद्दे पर बातचीत चल रही है या फिर यह महज संगठनात्मक और राजनीतिक परिस्थितियों के मद्देनजर लिया गया फैसला है।

फिलहाल, जनता दल यूनाइटेड नेताओं की नीतीश कुमार से मुलाकात और निर्दलीय विधान पार्षदों के समर्थन को लेकर जारी चर्चाओं ने बिहार के सियासी समीकरणों पर सबकी निगाहें टिका दी हैं। आने वाले दिनों में जनता दल यूनाइटेड  और भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार रहेगा।

रिपोर्ट- अभिजीत भारद्वाज