बिहार का एक कार्ड, दिल्ली-मुंबई तक सफर आसान, बस-मेट्रो के लिए नहीं लेना होगा अलग टिकट

NCMC की खासियत यह होगी कि बिहार में जारी किया गया कार्ड दूसरे राज्यों की सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी बिहार का कोई यात्री दिल्ली, लखनऊ या मुंबई जाने पर वहां अलग से मेट्रो कार्ड लेने की जरूरत से बच सकता है।

National Common Mobility Card Bihar
National Common Mobility Card Bihar- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार में सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करने वाले लोगों के लिए जल्द ही बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। राज्य में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) लागू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके बाद यात्रियों को एसी-डिलक्स बस, पटना मेट्रो और रेल यात्रा के लिए अलग-अलग टिकट या कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक ही कार्ड के जरिए कई परिवहन सेवाओं में भुगतान किया जा सकेगा।


परिवहन विभाग ने शुरू की तैयारी

NCMC व्यवस्था लागू करने को लेकर परिवहन विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। परिवहन विभाग के सचिव राजकुमार ने अधिकारियों को इससे संबंधित प्रस्ताव जल्द तैयार करने का निर्देश दिया है। साथ ही, योजना को लागू करने के लिए वेंडर की तलाश भी शुरू कर दी गई है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों में इस तरह की सुविधा पहले से उपलब्ध है।


बिहार का कार्ड दूसरे राज्यों में भी करेगा काम

NCMC की खासियत यह होगी कि बिहार में जारी किया गया कार्ड दूसरे राज्यों की सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी बिहार का कोई यात्री दिल्ली, लखनऊ या मुंबई जाने पर वहां अलग से मेट्रो कार्ड लेने की जरूरत से बच सकता है। सार्वजनिक परिवहन के अलावा टोल भुगतान में भी इस कार्ड के इस्तेमाल की सुविधा मिल सकती है।


मशीन पर कार्ड टच करते ही होगा भुगतान

NCMC कार्ड रुपे कार्ड की तरह काम करेगा। यात्री बस, मेट्रो या अन्य संबंधित परिवहन सेवा में लगे कार्ड रीडर पर कार्ड टच कर भुगतान कर सकेंगे। इससे टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलने की उम्मीद है। कार्ड को यूपीआई के जरिए रिचार्ज करने की सुविधा भी दी जाएगी।


सरकार का उद्देश्य एकीकृत परिवहन भुगतान व्यवस्था तैयार करना है, जिससे यात्रियों को अलग-अलग परिवहन माध्यमों के लिए अलग टिकट या भुगतान व्यवस्था पर निर्भर न रहना पड़े।