विधानसभा में विपक्ष का भारी हंगामा-वॉकआउट, स्पीकर ने मार्शल बुलाया, कांग्रेस का चूड़ियों वाला प्रदर्शन
राजद के विधायक विधानसभा के गेट पर नारेबाजी करते नजर आए। उन्होंने हाथों में पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
Bihar Assembly : बिहार में बढ़ती बलात्कार की घटनाओं को लेकर मंगलवार को विधानसभा में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। बजट सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी विधायकों ने सदन के बाहर प्रदर्शन किया और बाद में सदन के अंदर भी विरोध जारी रखा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक विधानसभा के गेट पर नारेबाजी करते नजर आए। उन्होंने हाथों में पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। विपक्षी विधायकों ने नारे लगाते हुए कहा कि बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है।
मार्शल बुलाकर पोस्टर हटवाए
कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के विधायक वेल में पहुंच गए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्री सदन में मौजूद थे। विपक्ष दरभंगा और पटना में नीट की छात्रा से जुड़े कथित दुष्कर्म मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगता रहा। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने मार्शल को बुलाकर पोस्टर हटवाए और सदन में व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसके बावजूद विपक्षी विधायक वेल में डटे रहे और बाद में सदन से वॉकआउट कर गए।
विपक्ष का सदन से वॉकआउट
विपक्ष के हंगामे और वॉकआउट पर संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष सिर्फ हल्ला बोलने में रुचि रखता है, सरकार की बात सुनना उसके बस की बात नहीं है। मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष उलझन की स्थिति में है, इसी कारण इस तरह का आचरण देखने को मिल रहा है। अंत में अध्यक्ष की अपील पर कुछ देर बाद विपक्ष के विधायक अपनी-अपनी सीटों पर लौटे। वहीं, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि सरकार को इस पर पूरी गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस का चूड़ियां पहनाकर विरोध
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक पुतला लेकर सदन परिसर पहुंचे, जिसे चूड़ियां पहनाई गई थीं, और राज्य की बिगड़ती विधि-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि वे लगातार सदन के अंदर सरकार को हालात से अवगत करा रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं, लेकिन सरकार पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है। उनका कहना था कि बिहार में नीट छात्रा हत्याकांड जैसी कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसके बावजूद सरकार केवल लीपापोती करने में लगी हुई है।
कांग्रेस विधायकों ने दावा किया कि राज्य सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। इसी विरोध के प्रतीक के तौर पर सरकार को चूड़ियां पहनाने का संदेश दिया गया।
रंजन की रिपोर्ट