Bihar News:लल्लू मुखिया की संपत्ति कुर्क करने का आदेश,कमलेश हत्याकांड में नया मोड़, कार्रवाई से पहले अटका अमला

Bihar News: बाढ़ विधानसभा के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया की संपत्ति कुर्क करने का आदेश कोर्ट से जारी हुआ है।...

 Lallu Mukhiyas
लल्लू मुखिया की संपत्ति कुर्क करने का आदेश- फोटो : social Media

Bihar News:तीन साल पुराने कमलेश कुमार हत्याकांड में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। बाढ़ विधानसभा के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया की संपत्ति कुर्क करने का आदेश कोर्ट से जारी हुआ है।

बाढ़ थाना कांड संख्या-98/2023 के तहत लल्लू मुखिया अप्राथमिकी अभियुक्त हैं, और कोर्ट द्वारा सरेंडर नहीं करने के कारण उनकी संपत्ति की कुर्की का निर्देश दिया गया है। आदेश मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी लेकिन दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) उपलब्ध नहीं होने के कारण पूरी कार्रवाई फिलहाल अटक गई है।

संपत्ति कुर्की को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय के सामने ट्रैक्टर और बड़े वाहन की व्यवस्था कर दी गई थी, ताकि जब्त की गई चल-अचल संपत्ति को आसानी से उठाया जा सके। मगर मजिस्ट्रेट की अनुपस्थिति ने कार्रवाई को टाल दिया।

इस मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब हत्याकांड के सूचक कुमार गौरव और उनकी मां कुसुम देवी खुद गुलाबबाग पहुंच गईं।

कुसुम देवी ने मीडिया से बातचीत करते हुए साफ कहा कि "लल्लू मुखिया निर्दोष हैं। उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब तक इस दिशा में कोई निष्पक्ष जांच नहीं हुई है।

बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि "लल्लू मुखिया की संपत्ति कुर्क करने का आदेश कोर्ट ने इसलिए दिया है क्योंकि वे बार-बार समन के बावजूद सरेंडर नहीं कर रहे थे।" आगे उन्होंने कहा कि जैसे ही मजिस्ट्रेट उपलब्ध होंगे, कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला अब सिर्फ कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और पारिवारिक बयानबाज़ी भी जुड़ गई है।लल्लू मुखिया के समर्थक इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रहे हैं, जबकि पुलिस कोर्ट के आदेश के अनुपालन में जुटी है।