पप्पू यादव ने जताई हत्या की आशंका: कोर्ट के आदेश के बाद भी इलाज के बजाय जबरन बेऊर जेल ले गई पुलिस
बिहार के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। न्यायालय द्वारा बेहतर इलाज के लिए PMCH भेजने के स्पष्ट निर्देश के बावजूद, पुलिस ने उन्हें जबरन बेऊर जेल में शिफ्ट कर दिया।
Patna - पूर्व विधायक पप्पू यादव की गिरफ्तारी और उसके बाद पुलिस की कार्रवाई ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। पप्पू यादव ने खुद की हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि खराब तबीयत के बावजूद प्रशासन उनके साथ अमानवीय व्यवहार कर रहा है।
न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप
मामले में सबसे गंभीर आरोप पुलिस प्रशासन पर 'न्यायालय के अपमान' को लेकर लग रहा है। बताया जा रहा है कि न्यायालय ने पप्पू यादव की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल) भेजने का निर्देश दिया था। हालांकि, परिजनों और समर्थकों का आरोप है कि 'सम्राट की पुलिस' ने कोर्ट के आदेश को दरकिनार करते हुए उन्हें जबरन बेऊर जेल शिफ्ट कर दिया।
पप्पू यादव ने जताई अनहोनी की आशंका
जेल ले जाए जाने के दौरान पूर्व विधायक ने मीडिया और अपने समर्थकों के सामने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत काफी खराब है और उन्हें इलाज की सख्त जरूरत है। उन्हें साज़िश के तहत अस्पताल के बजाय जेल भेजा जा रहा है। उन्हें डर है कि जेल के भीतर उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है या उनकी हत्या करवाई जा सकती है।
प्रशासनिक रुख
दूसरी ओर, पुलिस और जेल प्रशासन का कहना है कि सभी नियमों का पालन किया जा रहा है। हालांकि, कोर्ट के आदेश के बावजूद उन्हें अस्पताल न ले जाकर सीधे जेल ले जाने के फैसले पर अब सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। इस घटना के बाद पप्पू यादव के समर्थकों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है और उन्होंने सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है।
Report - anil kumar