पटना में दुस्साहस: हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूटे ₹20 लाख, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया इकबाल को चुनौती दी है। ताजा घटना में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े शहर के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में करीब 20 लाख रुपये की बड़ी लूट को अंजाम दिया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना देखी जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।
हथियार के बल पर वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में अपराधियों ने सोची-समझी रणनीति के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अल्पना मार्केट के पास वारदात को अंजाम दिया गया है। एजेंट बैंक में कैश जमा कराने जा रहा था इसी दौरान बदमाशों ने उसे घेर लिया।दरअसल रेडिएंट कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मनी कलेक्शन एजेंट पंकज ने बताया, साईं मंदिर से कलेक्शन के रुपए जमा करने सेंट्रल बैंक बोरिंग रोड जा रहा था। अल्पना मार्केट वाली गली से गुजर रहा था। तभी आगे पीछे से बाइक सवार बदमाशों दोनों तरफ से घेर लिया,बदमाशों ने उसे हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने जान से मारने की धमकी दी और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और वारदात के बाद भीड़भाड़ वाले इलाके का फायदा उठाकर चंपत हो गए।
CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पीड़ित ने बताया, वो लोग 4 की संख्या में थे। 2 बाइक से आए थे। एक बाइक आगे थी। दूसरी पीछे थी। उन लोगों के हाथ में पिस्टल थी। रुपए लूटने के बाद फरार हो गए। सभी के चेहरे ढके थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान का सुराग मिल सके। प्राथमिक जांच में कुछ संदिग्धों के हुलिए सामने आए हैं, जिसके आधार पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बढ़ते अपराध से व्यवसायियों में आक्रोश
पटना में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि पुलिस की गश्त कम होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इससे पहले भी शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट और रंगदारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।