Patna news: पटना में उपद्रव, उग्र अभ्यर्थियों ने किया रेलवे ट्रैक जाम, पथराव में रेल IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल, पुलिस का लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग
पटना में उपद्रव, उग्र अभ्यर्थियों ने किया रेलवे ट्रैक जाम, पथराव में रेल IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल, पुलिस का लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग
Patna news:पटना के दानापुर स्थित पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर आज सुबह उस वक्त कानून-व्यवस्था की स्थिति बेकाबू हो गई, जब परीक्षा केंद्रों की दूरी और ट्रेनों की लेत-लतीफी से नाराज सैकड़ों अभ्यर्थियों ने रेलवे परिसर को जंग का मैदान बना दिया। उग्र भीड़ ने न सिर्फ रेल परिचालन ठप किया, बल्कि पुलिस बल पर जानलेवा हमला और सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया।
घटना की शुरुआत सुबह तब हुई जब बड़ी संख्या में अभ्यर्थी स्टेशन पर जमा हुए। ट्रेनों के विलंब से नाराज छात्रों ने कानून को हाथ में लेते हुए रेलवे ट्रैक को पूरी तरह जाम कर दिया। कई प्रदर्शनकारी रेल पटरियों पर लेट गए, जिससे ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलने पर जब रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, तो स्थिति और बिगड़ गई।
पथराव में रेल IG जितेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी जख्मी
प्रदर्शनकारियों को समझाने और ट्रैक खाली कराने की कोशिश के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। इस हिंसक हमले में आईजी (IG) जितेंद्र राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा, विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे कई थानों के अध्यक्ष, पुलिस अधिकारी और जवान भी पत्थरों की चपेट में आने से चोटिल हुए हैं। उपद्रवियों ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर जमकर तोड़फोड़ की और सरकारी संपत्ति को नष्ट किया।
उपद्रव पर आमादा भीड़ को तितर-बितर करने और आत्मरक्षार्थ पुलिस को कड़ा रुख अपनाना पड़ा। सुरक्षाबलों ने पहले लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद जब स्थिति नियंत्रित नहीं हुई, तो पुलिस ने चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग की।
कड़ी मशक्कत और बल प्रयोग के बाद पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़कर ट्रैक को खाली कराया। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अराजक तत्वों को चिह्नित कर उन पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Report...Dhirendra kumar