पटना बाढ़ क्राइम न्यूज़: नौरंगा जलालपुर में फायरिंग की सूचना, सोनू-मोनू के घर पुलिस की रेड
पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित पंचमहला थाना के नौरंगा जलपुर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद के बाद पंचायती में फायरिंग की सूचना है। मौके पर कई थानों की पुलिस कैंप कर रही है और आरोपियों के घर छापेमारी जारी है
राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल के पंचमहला थाना अंतर्गत नौरंगा जलालपुर गांव में एक बार फिर कानून-व्यवस्था दांव पर लग गई है। यहाँ एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर उपजा विवाद इस कदर बढ़ा कि पंचायती के दौरान सरेआम फायरिंग करने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालांकि, पुलिस प्रशासन अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहा है कि मौके पर कितने राउंड गोलियां चली हैं, लेकिन घटना को लेकर तनाव चरम पर है।
पैक्स अध्यक्ष की फेसबुक पोस्ट से भड़का विवाद, समझौते के दौरान चलीं गोलियां
बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की जड़ नौरंगा जलालपुर के वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सह सरपंच प्रतिनिधि मुकेश कुमार की एक सोशल मीडिया पोस्ट है। मुकेश कुमार ने बीते दिनों हुई किसी घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ टिप्पणी की थी, जिससे दूसरा पक्ष आक्रोशित हो गया। इसी गतिरोध को दूर करने और मामले को शांत कराने के लिए आज गांव में एक पंचायती बुलाई गई थी। इसी बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तकरार बढ़ गई और देखते ही देखते दो राउंड फायरिंग होने की सूचना मिली, जिससे पंचायती में भगदड़ मच गई।
सोनू-मोनू के घर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, फायरिंग करने वाले की तलाश तेज
फायरिंग की इस घटना को अंजाम किसने दिया है, यह अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन घटना की सूचना मिलते ही पंचमहला थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस की विभिन्न टीमें फिलहाल गांव के ही रहने वाले सोनू और मोनू नामक युवकों के घर पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। पुलिस संदेह के आधार पर आरोपियों और संदिग्धों को दबोचने के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
गांव में पुलिस बल का कड़ा पहरा, लिखित शिकायत का इंतजार
चौंकाने वाली बात यह है कि गांव में इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन या शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कई थानों की पुलिस बल को नौरंगा जलालपुर गांव में तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी गांव में लगातार कैंप कर रहे हैं ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे और दोनों गुटों के बीच दोबारा कोई अप्रिय घटना या हिंसक झड़प न होने पाए।
रिपोर्ट - रवि शंकर