पटना के होटल में छात्रा से दरिंदगी की कोशिश,आधी रात पिता के सामने अपहरण का प्रयास

पटना के रूपसपुर स्थित होटल हिडन विला में पॉलिटेक्निक छात्रा के अपहरण और दरिंदगी की कोशिश। पिता के शोर मचाने पर टली अनहोनी। पुलिस की छापेमारी में 7 युवक-युवतियां हिरासत में।

patna rupaspur police raid at hotel hidden villa
पटना के होटल में छात्रा से दरिंदगी की कोशिश- फोटो : Reporter

बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है, जहां परीक्षा दिलाने आए एक पिता के सामने ही उनकी पॉलिटेक्निक छात्रा बेटी की आबरू लूटते-लूटते बची। शुक्रवार की आधी रात को एक नामचीन होटल के बंद कमरे में घुसकर एक रसूखदार शराबी युवक ने छात्रा को अगवा करने का दुस्साहस किया। पिता और बेटी के समय रहते शोर मचाने और कड़ा विरोध करने के कारण एक बड़ी अनहोनी टल सकी। इस खौफनाक वारदात के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और उन्होंने पटना के रूपसपुर थाने में होटल प्रबंधन तथा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।


सुरक्षा के लिहाज से बुक किया था कमरा, मध्य रात्रि में 'काल' बनकर घुसा शराबी

पीड़ित पिता बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित विक्रमपुर गांव के रहने वाले हैं। वह अपनी बेटी को पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा दिलाने के लिए पहली बार पटना आए थे। देर रात होने और सुरक्षा के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आरपीएस कॉलेज के पास स्थित 'होटल हिडन विला' में 22 मई की रात करीब 11:00 बजे कमरा संख्या 103 बुक किया था। थके-हारे पिता-पुत्री कमरे में सो रहे थे, तभी ठीक मध्य रात्रि 12:48 बजे एक शराबी युवक बाहर से मास्टर चाबी या किसी अन्य तरीके से दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हो गया और सो रही छात्रा की बांह पकड़कर उसे जबरन बाहर खींचने लगा।


पिता की खुली नींद तो छूटा हाथ, परिचितों ने मौके पर पहुंचकर बनाया वीडियो

अचानक हुए इस हमले से छात्रा इतनी डर गई कि खौफ के मारे उसके गले से आवाज तक नहीं निकल पा रही थी। इसी बीच कमरे में हुई खटपट और खींचतान की आवाज सुनकर पिता संतोष कुमार की नींद खुल गई। उन्होंने बिना वक्त गंवाए बहादुरी दिखाई और शराबी युवक से अपनी बेटी को छुड़ाया। इसके बाद आरोपी और होटल कर्मियों से उनकी तीखी बहस होने लगी। खतरे को भांपते हुए पिता ने तुरंत पटना में रहने वाले अपने एक परिचित को फोन घुमाया। कुछ ही देर में उनके परिचित दर्जनों लोगों के साथ होटल पहुंचे और वहां के संदिग्ध माहौल का वीडियो बनाने लगे, जिसे देख होटल स्टाफ और असामाजिक तत्व इधर-उधर भागने लगे।


पुलिस रेड से खुला होटल का गंदा धंधा, आपत्तिजनक हालत में 7 युवक-युवतियां गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आपातकालीन नंबर डायल 112 और स्थानीय रूपसपुर थाना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही जब भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची और होटल हिडन विला के अन्य कमरों की सघन तलाशी ली, तो खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। वह होटल महज ठहरने की जगह नहीं, बल्कि देह व्यापार का अड्डा बना हुआ था। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त कुल 7 युवक और युवतियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में पीड़ित छात्रा और उसके पिता को सुरक्षित रेस्क्यू कर होटल से बाहर निकाला गया।


रजिस्टर से एंट्री गायब, होटल मैनेजर की मिलीभगत से बड़ी साजिश का आरोप

पीड़ित पिता ने रोते हुए बताया कि यदि उनके परिचित समय पर नहीं आते, तो उनकी बेटी के साथ कोई बहुत बड़ा हादसा हो जाता और शायद आरोपी साक्ष्य मिटाने के लिए उन्हें भी गायब कर देते। उन्होंने होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कमरा बुक करते समय उनका आधार कार्ड और आईडी तो लिया गया, लेकिन उसे जानबूझकर होटल के मेंटेनेंस रजिस्टर में दर्ज नहीं किया गया। इससे साफ प्रतीत होता है कि होटल मैनेजर और वहां मौजूद अपराधियों ने पहले से ही किसी बड़ी वारदात की प्लानिंग कर रखी थी। फिलहाल, रूपसपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।