पटना सिटी राइडर गुलशन हत्याकांड का खुलासा: थार गाड़ी जलाने के विवाद में हुई थी हत्या, तीन नामजद समेत 4 गिरफ्तार

पटना सिटी में तीन दिन पहले हुई युवक गुलशन कुमार की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वहीं पुलिस ने इस मामले नामजद समेत 4 अरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किया है....

पटना सिटी राइडर गुलशन हत्याकांड का खुलासा: थार गाड़ी जलाने क
पटना सिटी राइडर गुलशन हत्याकांड का खुलासा- फोटो : रजनीश

Patna : पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के गुलमहियाबाग इलाके में तीन दिन पहले हुई युवक गुलशन कुमार (राइडर गुलशन) की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। ग्रामीण एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के भाई राहुल के बयान पर दीदारगंज थाने में आर्म्स एक्ट के तहत चार नामजद और 10 अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।


हथियार, गाड़ियां और मोबाइल के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीन प्राथमिकी अभियुक्तों और एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल हथियार, दो जिंदा कारतूस, दो चार-पहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।


थार गाड़ी जलाने और आपसी रंजिश बनी हत्या की वजह

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मृतक गुलशन द्वारा उनके घर पर आकर उनकी 'थार गाड़ी' को जला दिया गया था। इसी पुरानी आपसी रंजिश और बदले की भावना के चलते उन्होंने गुलशन की गोली मारकर हत्या कर दी थी।


गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में तीन प्राथमिक अभियुक्त— राहुल कुमार, रणधीर कुमार, और अनिल कुमार ( तीनों मिश्री यादव रायबाग के रहने वाले) शामिल हैं। इसके अलावा एक अप्राथमिकी अभियुक्त राहुल कुमार (पिता- अलख सिंह, खुशरूपुर के रहने वाले) को भी पुलिस ने धर दबोचा है।


पुलिस की आगे की कार्रवाई

पुलिस गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस वारदात में शामिल अन्य अज्ञात बदमाशों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।


रजनीश की रिपोर्ट