नोटों की गड्डियां देख पुलिस के उड़े होश: बाइक सवारों के बैग से निकले 32 लाख, बंगाल से जुड़ा है कनेक्शन
पटना सिटी में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार के पास से 32 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस को देख भाग रहे दो युवकों को दबोच कर जब तलाशी ली गई, तो बैग से भारी मात्रा में कैश मिला, जिसे बिहार से बंगाल के वर्द्धमान भेजा जा रहा था।
Patna - : राजधानी पटना में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पटना सिटी इलाके के मोगलपुरा टीओपी के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है, क्योंकि बरामद की गई राशि का कोई वैध दस्तावेज मौके पर पेश नहीं किया जा सका।
भागने की कोशिश ने खोला राज
जानकारी के अनुसार, मोगलपुरा टीओपी की टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को सामने देख हड़बड़ा गए। पुलिस कर्मियों को संदेह हुआ तो उन्होंने बाइक रोकने का इशारा किया, लेकिन युवक अपनी गाड़ी मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। उनकी इस संदिग्ध हरकत ने पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया।
बैग खोलते ही दंग रह गई पुलिस

पकड़े गए युवकों के पास मौजूद बैग की जब पुलिस ने तलाशी ली, तो वहां मौजूद अधिकारी और जवान दंग रह गए। बैग के भीतर नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। गिनती करने पर पुलिस ने कुल 32 लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी। इतनी बड़ी रकम को बाइक से ले जाना किसी बड़ी साजिश या हवाला कारोबार की ओर इशारा कर रहा है।
बंगाल के वर्द्धमान से जुड़ा कनेक्शन
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि यह मोटी रकम बिहार से पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान जिला भेजी जा रही थी। हालांकि, यह पैसा किसका है और किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था, इस पर युवक गोलमोल जवाब दे रहे हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह पैसा चुनावी फंडिंग, हवाला कारोबार या किसी अन्य अवैध गतिविधि से जुड़ा है।
कड़ी पूछताछ और आगे की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और बरामद कैश को जब्त कर लिया गया है। इस मामले की जानकारी आयकर विभाग और संबंधित एजेंसियों को भी दी जा रही है ताकि पैसे के स्रोत का पता लगाया जा सके। पटना पुलिस के अनुसार, आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
Report - rajnish