Patna Municipal Corporation: पटना की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव! कचरा उठाव की GPS से होगी निगरानी, छठ पर घाटों से लेकर सड़कों तक विशेष इंतजाम

पटना नगर निगम ने सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नया मास्टर प्लान बनाया है। दो एजेंसियों से कचरा उठाव, GPS ट्रैकिंग और सालाना 24 करोड़ रुपये की बचत का लक्ष्य रखा गया है।

Patna Municipal Corporation

Patna Municipal Corporation: राजधानी पटना की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत, व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के लिए पटना नगर निगम ने नया मास्टर प्लान तैयार किया है। नई व्यवस्था के तहत अब अंचलों में कचरा उठाव की जिम्मेदारी दो अलग-अलग एजेंसियों को सौंपी जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य सफाई कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ खर्च में कटौती करना और शहरवासियों को बेहतर स्वच्छता सुविधा उपलब्ध कराना है। इस नई व्यवस्था से सालाना 24 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक बचत होने का अनुमान है।

नगर निगम के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी के तीन-तीन अंचलों में सफाई व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए सफाई कार्य में लगे मानव बल की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। एजेंसियों की जिम्मेदारियां निर्धारित होने से कचरा उठाव और सफाई कार्यों की निगरानी पहले से अधिक प्रभावी हो सकेगी। वहीं, कचरा उठाने वाले वाहनों की निगरानी के लिए जीपीएस तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद भी वाहनों की रियल टाइम ट्रैकिंग की जाएगी, ताकि उनकी आवाजाही और कचरा उठाव की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

दीपावली और छठ पर दो शिफ्ट में हो रहा कचरा उठाव

दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान राजधानी को स्वच्छ और कचरा मुक्त रखने के लिए नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के गली-मुहल्लों से लेकर प्रमुख सड़कों और बाजारों तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सुबह और शाम, दोनों पालियों में कचरे का उठाव किया जा रहा है।नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए अतिरिक्त वाहनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा सड़कों और रास्तों पर जमा कचरे को हटाने के लिए अतिरिक्त हाईवा भी लगाए गए हैं। छठ महापर्व को देखते हुए घाटों और वहां तक पहुंचने वाली एप्रोच सड़कों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

33 हजार लाइटों की मरम्मत, 6 हजार से अधिक नई लाइटें लगीं

त्योहारों के मौके पर राजधानी को रोशनी से जगमग करने के लिए नगर निगम ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया है। अब तक 33 हजार से अधिक लाइटों की मरम्मत कराई जा चुकी है, जबकि 6 हजार से अधिक नई लाइटें लगाई गई हैं। इसके साथ ही सभी वार्डों में अतिरिक्त 100-100 स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।

वर्तमान में छठ घाटों पर 50 हाईमास्ट लाइट और करीब 22 हजार स्थायी स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं। वहीं, छठ महापर्व के दौरान घाटों को रोशन करने के लिए लगभग 47 हजार अस्थायी लाइटों की व्यवस्था की जाएगी।नगर निगम की इस व्यापक तैयारी का मकसद त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता, रोशनी और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करना है। नई सफाई व्यवस्था, जीपीएस आधारित निगरानी और अतिरिक्त संसाधनों के इस्तेमाल से राजधानी की साफ-सफाई को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।