Patna News: मॉनसून से पहले एक्शन मोड में निगम, 56 हजार मैनहोल की उड़ाही पूरी, जलजमाव से राहत दिलाने को तैयार मास्टर प्लान

Patna News:हर साल बारिश के दौरान जलजमाव, कीचड़ और जाम की समस्या से जूझने वाले पटनावासियों के लिए राहत भरी खबर है।

Patna News: मॉनसून से पहले एक्शन मोड में निगम, 56 हजार मैनहो
नगर निगम का एक्शन - फोटो : SOCIAL MEDIA

Patna : पटना में आगामी मॉनसून को लेकर नगर निगम ने इस बार पहले से ही कमर कस ली है। हर साल बारिश के दौरान जलजमाव, कीचड़ और जाम की समस्या से जूझने वाले पटनावासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम ने दावा किया है कि मॉनसून से पहले 56 हजार मैनहोल की उड़ाही का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शहर के छह अंचलों के 75 वार्डों में जनवरी महीने से ही नाला उड़ाही और सफाई अभियान शुरू कर दिया गया था। अब अंतिम चरण में मिनी सकर, सुपर सकर, पोकलेन और जेसीबी जैसी अत्याधुनिक मशीनों के जरिए मोपअप अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बारिश शुरू होने से पहले जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त हो सके।

निगम ने इस बार तकनीक का भी सहारा लिया है। शहर के करीब 75 हजार कैचपिट, मशीनहोल और स्लैब की जियो टैगिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इससे किसी भी खराब या क्षतिग्रस्त ढांचे की पहचान और मरम्मत तेजी से की जा सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि टूटे हुए मशीनहोल और स्लैब की मरम्मत का काम भी लगभग पूरा हो चुका है।

सफाई कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। नाला सफाई में लगे कर्मचारियों को सेफ्टी गियर, ग्लव्स और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।सबसे खास पहल ‘मशीनहोल एम्बुलेंस’ सेवा है, जिसे मॉनसून सीजन के लिए शुरू किया गया है। इसके तहत विशेष टीमों को तैनात किया गया है, जो बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त मैनहोल या जल निकासी व्यवस्था में आई खराबी को तुरंत ठीक करेंगी। नगर निगम का दावा है कि इन तैयारियों के बाद इस बार राजधानी के गली-मोहल्लों और प्रमुख सड़कों पर जलजमाव की समस्या काफी हद तक नियंत्रित रहेगी। अब पटनावासियों की नजरें मॉनसून की पहली बारिश पर टिकी हैं, जो निगम की तैयारियों की असली परीक्षा साबित होगी।