पटना में सनसनी: 'पापा ये लोग मार देंगे...' आखिरी कॉल के कुछ देर बाद ही मिली रीना की लाश,आरोपी गिरफ्तार

पटना के जक्कनपुर में दहेज प्रताड़ना के कारण मुजफ्फरपुर की रीना कुमारी की गला दबाकर हत्या का मामला सामने आया है। मौत से पहले पीड़िता ने पिता को फोन कर जान का खतरा बताया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति आदित्य को गिरफ्तार कर लिया है।

patna dowry death reena husband aditya arrested
'पापा ये लोग मार देंगे...' आखिरी कॉल के कुछ देर बाद ही मिली रीना की लाश- फोटो : Reporter

राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के 'बी एरिया' में दहेज लोभियों की बर्बरता का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक पति ने अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए ससुराल वालों ने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन मायके वालों की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण सच सामने आ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति को दबोच लिया है।


'पापा, ये लोग मुझे मार देंगे...': रीना ने रोते हुए फोन पर बयां किया था दर्द

मृतक महिला की पहचान रीना कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के कांटी की रहने वाली थी। रीना की शादी साल 2019 में जक्कनपुर निवासी आदित्य के साथ हुई थी। रीना के पिता गणेश पासवान ने बताया कि गुरुवार की दोपहर करीब 3:15 बजे उनकी बेटी से अंतिम बार फोन पर बात हुई थी। रीना फोन पर रोते और चिल्लाते हुए बोली, "पापा, मेरे साथ मारपीट की जा रही है, ये लोग मुझे मार देंगे।" इतना बोलते ही फोन अचानक कट गया और दोबारा लगाने पर मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा।


दामाद ने किया खुदकुशी का झूठा दावा, मायके पहुंचे तो पड़ा था शव

बेटी का फोन कटने के कुछ ही देर बाद रीना के पति (दामाद) आदित्य ने गणेश पासवान को फोन कर झूठ बोला कि रीना ने खुदकुशी कर ली है। इससे पहले रीना की ननद ने भी फोन कर मायके वालों को आने से मना किया था कि यह आपस की बात है। जब घबराए हुए मायके वाले आनन-फानन में पटना स्थित रीना के ससुराल पहुंचे, तो वहाँ का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। रीना का शव घर के भीतर बेजान पड़ा हुआ था, जिसके बाद चीख-पुकार मच गई। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटियां (एक 5 साल और दूसरी 3 साल) छोड़ गई है।


आरोपी पति गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का असली कारण

शुक्रवार को वारदात की सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जक्कनपुर थानाध्यक्ष ऋतुराज ने बताया कि मृतका के पिता के बयान और हत्या की शिकायत पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति आदित्य को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है, वहीं घटना के असली कारणों और मौत के सटीक समय का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार