पटना में दुस्साहस: CISF दफ्तर के पास महिला से सोने की चेन झपटी, बहादुरी दिखाने पर बच्चे को सड़क पर पटका

राजधानी पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ (CISF) कार्यालय के पास बाइक सवार अपराधियों ने महिला से सोने की चेन झपट ली। मां को बचाने के लिए मासूम बेटे ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों की बाइक पकड़ी,लेकिन अपराधियों ने उसे धक्का देकर घायल कर दिया

Patna patliputra chain snatching loyola school woman son inj
पटना के पाटलिपुत्र के CISF दफ्तर के पास महिला से सोने की चेन झपटी- फोटो : Reporter

राजधानी पटना के पॉश इलाके पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। यह वारदात शाम करीब 7 बजे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) कार्यालय के ठीक पास हुई। पीड़ित महिला विशाखा कुमारी अपने बेटे को स्कूल से लेकर लौट रही थीं, तभी अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। राजधानी के ऐसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है।


स्कूल से लौट रही थीं पीड़िता, ऑटो से उतरते ही बदमाशों ने बोला धावा

जानकारी के अनुसार, पीड़िता विशाखा कुमारी अपने बेटे को लोयोला स्कूल से लेकर ऑटो के जरिए घर वापस आ रही थीं। जैसे ही वह सीआईएसएफ कार्यालय के पास ऑटो से उतरीं और अपने बच्चे के साथ पैदल घर की तरफ आगे बढ़ीं, तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो अपराधी तेजी से उनके करीब पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पातीं, अपराधियों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन पूरी ताकत से खींच ली।


मासूम बेटे ने दिखाई गजब की बहादुरी, अपराधियों ने धक्का देकर किया घायल

इस अप्रत्याशित झपटमारी के दौरान महिला के मासूम बेटे ने गजब के साहस का परिचय दिया। मां की चेन छिनते देख बच्चे ने बिना डरे बदमाशों की भागती हुई बाइक के पीछे दौड़ लगा दी और उसे पकड़ने की कोशिश की। हालांकि, खुद को घिरता देख बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने बच्चे को जोर से धक्का मार दिया, जिससे वह बीच सड़क पर ही गिर पड़ा। इस वजह से बच्चे को मामूली चोटें भी आईं और इसका फायदा उठाकर दोनों अपराधी तेजी से आंखों से ओझल हो गए।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

वारदात के तुरंत बाद पीड़ित महिला विशाखा कुमारी ने पाटलिपुत्र थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और घटनास्थल के आसपास लगे विभिन्न सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है ताकि बाइक के नंबर और अपराधियों के हुलिए की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन पटना में लगातार बढ़ती चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने एक बार फिर पुलिसिया गश्त और आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार