मुंगेर: खेत की मेड़ पर मिला महिला का शव, गला रेता और दोनों हाथों की नसें कटी; इलाके में सनसनी

मुंगेर के असरगंज थाना क्षेत्र स्थित सजुआ गांव में खेत की मेड़ पर एक महिला का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। पति ने प्रेम प्रसंग के शक की बात कही है, वहीं पुलिस और एफएसएल टीम सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Munger crime woman throat slit
मुंगेर में देर रात घर से लापता हुई महिला का सुबह खेत में मिला शव- फोटो : Reporter

बिहार के मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र स्थित सजुआ गांव में शनिवार सुबह खेत की मेड़ पर एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला का गला रेता हुआ था और दोनों हाथों की नसें भी कटी हुई थीं। मृतका की पहचान सजुआ गांव निवासी उदय कुमार की पत्नी नीलू कुमारी के रूप में की गई है, जो देर रात से घर से लापता थीं।


देर रात बाथरूम जाने की बात कहकर निकली थीं घर से

मृतका के बेटे प्रियांशु ने बताया कि उसकी मां शुक्रवार देर रात बाथरूम जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने रात में ही खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका और सुबह बहियार में उनका शव मिला।


फरीदाबाद से लौट रहे पति ने जताई प्रेम प्रसंग की आशंका

मृतका के पति उदय कुमार फरीदाबाद में काम करते हैं और घटना के समय दिल्ली से ट्रेन पकड़कर घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे पत्नी से बात हुई थी और सुबह करीब चार बजे बेटे ने मां के लापता होने की सूचना दी। पति ने दावा किया कि पत्नी का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था और उसी युवक पर उन्होंने हत्या का शक जताया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।


एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, डीएसपी ने दी जांच की जानकारी

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। तारापुर डीएसपी ने बताया कि मामले के सभी संभावित पहलुओं पर जांच चल रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया, गांव में मातम

महिला अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थीं, जबकि पति एक-दो महीने के अंतराल पर घर आते थे। इस जघन्य हत्याकांड के बाद परिवार में मातम पसर गया है और तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से गांव में शोक व चर्चाओं का माहौल है।

मुंगेर से मो. इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट