पटना में बाढ़ और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए डीएम सख्त, एक सप्ताह का 'मिशन मोड' अभियान शुरू करने के दिए निर्देश

पटना डीएम ने बाढ़ और अत्यधिक बारिश के कारण जिले में क्षतिग्रस्त हुई सभी सड़कों की 'मिशन मोड' में मरम्मति सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए.....

पटना में बाढ़ और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लि
पटना के क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए डीएम ने दिए निर्देश- फोटो : अनिल कुमार

Patna : जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बाढ़ और अत्यधिक बारिश के कारण जिले में क्षतिग्रस्त हुई सभी सड़कों की 'मिशन मोड' में मरम्मति सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, एनएचएआई, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम और सभी नगर निकायों के अधिकारियों के साथ कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। डीएम ने निर्देश दिया कि अगले एक सप्ताह तक जिले में सड़क मरम्मति एवं रखरखाव कार्यों पर विशेष फोकस रखा जाए तथा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।


त्वरित कार्रवाई के लिए बनेगा प्रभावी मैकेनिज्म, 'रोड एम्बुलेंस' होगी तैनात 

सड़कों के नुकसान की तत्काल जानकारी और त्वरित कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी ने एक प्रभावी मैकेनिज्म विकसित करने का निर्देश दिया है। इसके तहत सड़क क्षति की सूचना, निरीक्षण, मरम्मत और मॉनिटरिंग की पूरी प्रक्रिया को सक्रिय और जवाबदेह बनाया जाएगा। इसके अलावा, सड़कों की तत्काल मरम्मत के लिए पर्याप्त संख्या में 'रोड एम्बुलेंस' तैनात करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने साफ किया कि जो सड़कें वर्तमान में गारंटी या अनुरक्षण अवधि (मेंटेनेंस पीरियड) में हैं, उनका रखरखाव संबंधित संवेदकों से नियमानुसार तत्काल कराया जाए।


मेट्रो व गैस पाइपलाइन खुदाई से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और नए फुट ओवर ब्रिज की योजना 

बैठक में जिलाधिकारी ने मेट्रो रेल और गैस पाइपलाइन बिछाने वाली एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित एजेंसी सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत तुरंत कराए। विशेष रूप से पटना मेट्रो को राजेंद्र नगर टर्मिनस के पास क्षतिग्रस्त सड़क को शीघ्र ठीक करने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही, पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) निर्माण हेतु स्थलों की सूची तैयार करने और पुलों पर बने खराब एस्केलेटरों को तत्काल दुरुस्त करने का आदेश दिया गया।


अनधिकृत क्रॉसिंग होंगी बंद, फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त कराने के सख्त निर्देश 

समीक्षा के दौरान एसपी ट्रैफिक सागर कुमार ने सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से अनधिकृत क्रॉसिंगों को चिह्नित कर उन्हें बंद करने का निर्देश दिया ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने पैदल यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सड़कों के किनारे बने फुटपाथों को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त कराने की बात कही। इसके साथ ही सड़क पर वाहन खराब होने या पेड़ गिरने की स्थिति में ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से बाधा हटाकर तुरंत यातायात बहाल करने के निर्देश दिए गए।


अनुमंडल स्तर पर होगी लगातार मॉनिटरिंग, बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क मरम्मति कार्य का नियमित अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) करने का जिम्मा सौंपा। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्ता और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC) शुभम कुमार, एसपी ट्रैफिक सागर कुमार, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, विभिन्न प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता और अनुमंडल अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


अनिल की रिपोर्ट