पटना: दुल्हिन बाजार के पास आहर में तैरता मिला गायब बुजुर्ग का शव, परिजनों में कोहराम

पटना के दुल्हिन बाजार के डोरमा गांव के पास आहर से शनिवार शाम से लापता 65 वर्षीय भागृत पासवान का शव बरामद हुआ है। शौच के लिए निकले बुजुर्ग की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

Patna Dulhin Bazar Elderly Man Body Found
दुल्हिन बाजार में आहर से बुजुर्ग का शव बरामद- फोटो : Reporter

पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र स्थित डोरमा गांव के पास आहर से रविवार दोपहर एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बिक्रम थाना क्षेत्र के अराप गांव निवासी भागृत पासवान के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से रानीतालाब थाना क्षेत्र के बाड़ा गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे।


शौच के लिए निकलने के बाद से थे लापता 

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, भागृत पासवान शनिवार देर शाम घर से शौच के लिए निकले थे। जब वे देर रात तक वापस घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार दोपहर स्थानीय ग्रामीणों ने डोरमा गांव के पास आहर में एक शव तैरता देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।


पुलिस जांच शुरू, परिजनों में मचा कोहराम 

सूचना मिलते ही दुल्हिन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की कानूनी जांच में जुट गई है। मृतक अपने पीछे चार पुत्रियों और पांच पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बुजुर्ग की अचानक हुई इस मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम छाया हुआ है।


स्थानीय लोगों ने की मुआवजे की मांग 

इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन से प्रभावित परिवार के लिए जल्द से जल्द उचित सरकारी सहायता और मुआवजे की मांग की है।

ऋषिकेश की रिपोर्ट