दुल्हिनबाजार में हर्ष फायरिंग का खूनी खेल: शादी समारोह में युवक को लगी गोली, मौके से पिस्टल और कारतूस बरामद!

पटना के दुल्हिनबाजार में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में युवक घायल। पुलिस ने 01 पिस्टल व 02 कारतूस बरामद किए, तीन के खिलाफ केस दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू।

दुल्हिनबाजार में हर्ष फायरिंग का खूनी खेल: शादी समारोह में य

Patna - : पटना के दुल्हिनबाजार थाना अंतर्गत हरपुरा गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से हथियार बरामद किए हैं और तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है.

शादी की खुशियों के बीच अचानक चली गोली

दिनांक 24/25 फरवरी 2026 की रात्रि को दुल्हिनबाजार के हरपुरा गांव में एक शादी का जश्न चल रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में चन्दन कुमार (पिता-सच्चितानन्द राय, निवासी-IIT अम्हारा) के कमर में गोली लग गई. गोली लगते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए

एम्स पटना में घायल का चल रहा इलाज

घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी पटना) के निर्देशन में दुल्हिनबाजार थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे. पुलिस ने खून से लथपथ चन्दन कुमार को तुरंत इलाज के लिए एम्स पटना भेजा, जहाँ उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने पुष्टि की है कि यह हादसा केवल प्रदर्शन के लिए की गई फायरिंग की वजह से हुआ.

मौके से हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस को वहां से 01 पिस्टल और 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

तीन के खिलाफ FIR, कानूनी शिकंजा कसा

जख्मी युवक के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर दुल्हिनबाजार थाना में काण्ड सं०-80/26 (दिनांक 25.02.2026) दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए /26 /27 के तहत तीन व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस त्वरित कार्रवाई और बरामदगी में दुल्हिनबाजार थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में पु०अ०नि० बिट्टू कुमार, पु०अ०नि० आयुष कुमार, पु०अ०नि० जयनारायण यादव और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.

प्रशासन की चेतावनी: न करें नियमों का उल्लंघन

हर्ष फायरिंग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि शादी-ब्याह या किसी भी समारोह में हथियार का प्रदर्शन या फायरिंग करना कानूनी अपराध है. ऐसे मामलों में न केवल हथियार का लाइसेंस रद्द किया जाएगा, बल्कि सख्त जेल की सजा भी दी जाएगी.

Report - anil kumar