Patna Traffic Routes: पटना में ट्रैफिक का महाबदलाव! एयरपोर्ट, सगुना मोड़, राजाबाजार, दीघा और राजीव नगर जाने के लिए बदलेंगे रास्ते, घर से निकलने से पहले जान लें रूट और पार्किंग की पूरी लिस्ट

Patna Traffic Routes: दुर्गापूजा और दशहरा-2026 के दौरान राजधानी पटना की सड़कों पर निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेना बेहद जरूरी होगा।...

Patna Traffic Routes: पटना में  ट्रैफिक का महाबदलाव! एयरपोर्

Patna Traffic Routes: दुर्गापूजा और दशहरा-2026 के दौरान राजधानी पटना की सड़कों पर निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेना बेहद जरूरी होगा। पूजा-पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए शहर में ट्रैफिक का नया प्लान लागू किया गया है। निर्धारित व्यवस्था के मुताबिक, 17 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक या यातायात सामान्य होने तक कई मार्गों पर बदलाव लागू रहेंगे। इस दौरान कुछ रास्तों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि एयरपोर्ट, दीघा, राजीव नगर और सगुना मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।

बेली रोड और राजाबाजार में बदलेगा ट्रैफिक रूट

सगुना मोड़ से पटना एयरपोर्ट जाने वाले वाहन रुकनपुरा, राजाबाजार ओवरब्रिज के नीचे, जगदेव पथ और बीएमपी होते हुए जा सकेंगे। वहीं, सगुना मोड़ से हड़ताली मोड़ और आयकर गोलंबर की तरफ जाने वाले वाहन रुकनपुरा से राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से गुजर सकेंगे।

सगुना मोड़ से दीघा, राजीव नगर और पाटलिपुत्र जाने वाले वाहन आशियाना मोड़ से बाएं मुड़कर आशियाना-दीघा रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। यहां से राजीव नगर नाला के किनारे वाली सड़क, केशरी नगर और राजीव नगर आरओबी के नीचे से अटल पथ पहुंचने का विकल्प रहेगा।

दूसरे विकल्प के तौर पर वाहन रामनगरी मोड़, फ्रेंड्स कॉलोनी रोड, एजी कॉलोनी रोड, आईजीआईएमएस के बगल और जेडी विमेंस कॉलेज होते हुए बेली रोड जा सकेंगे।

राजीव नगर, दीघा और एयरपोर्ट जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते

राजीव नगर और दीघा से सगुना मोड़ जाने वाले वाहन आशियाना-दीघा रोड पर पासपोर्ट ऑफिस से मौर्या पथ, अंबेडकर पथ और बेली रोड का रास्ता अपना सकेंगे। वहीं, राजीव नगर और दीघा से एयरपोर्ट जाने वाले वाहन राजीव नगर नाला के किनारे वाली सड़क, केशरी नगर, राजीव नगर आरओबी के नीचे और अटल पथ से होकर जा सकेंगे।

डुमरा टीओपी से सगुना मोड़ जाने वाली छोटी गाड़ियां बेली रोड पर डुमरा टीओपी तक जाएंगी। वहां से बाएं मुड़कर एयरपोर्ट, बीआईटी और फुलवारीशरीफ-जगदेव पथ की ओर जा सकेंगी।

डुमरा टीओपी से राजीव नगर, दीघा, आशियाना नगर, एजी कॉलोनी और समनपुरा जाने वाले वाहन बेली रोड पर पिलर नंबर 91 से दाएं यू-टर्न लेकर जेडी विमेंस कॉलेज और आईजीआईएमएस के बगल से एजी कॉलोनी रोड होते हुए आशियाना-दीघा रोड पहुंच सकेंगे।

हड़ताली चौक से सगुना मोड़ जाने वाले वाहन राजवंशीनगर, चिड़ियाखाना और बेली रोड फ्लाईओवर के ऊपर से जा सकेंगे।

भारी वाहनों पर प्रतिबंध, निर्माण कार्य वाले वाहनों के लिए भी पाबंदी

17 से 20 अक्टूबर तक पटना नगर निगम क्षेत्र में बस, ट्रक, ट्रैक्टर और टाटा 407 समेत मालवाहक तथा यात्री वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। यह पाबंदी सरकारी, गैरसरकारी, अर्धसरकारी और निजी वाहनों पर लागू होगी।

इसके अलावा, 15 से 21 अक्टूबर तक मेट्रो और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े भारी वाहनों के परिचालन पर भी रोक रहेगी।दानापुर से अशोक राजपथ की ओर जाने वाले भारी वाहन अशोक राजपथ में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। उन्हें दानापुर कैंट से सगुना मोड़ होते हुए खगौल-दानापुर स्टेशन की ओर जाना होगा। दानापुर स्टेशन से बिहटा जाने वाले भारी वाहन नेउरा होकर बिहटा और आरा की ओर जा सकेंगे।

इन जगहों पर मिलेगी पार्किंग की सुविधा

ट्रैफिक व्यवस्था के तहत कुछ निर्धारित स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था बताई गई है।

फ्रेजर रोड: डॉ. सीपी ठाकुर के आवास से स्वामीनंदन तिराहा तक तथा आकाशवाणी से जेपी गोलंबर तक दोनों तरफ।

वीरचंद पटेल पथ: सर्विस लेन में पार्किंग।

जीपीओ गोलंबर: जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक चौराहा तक एक तरफ।

सिन्हा लाइब्रेरी मोड़: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति जाने वाली सड़क पर केवल दोपहिया वाहनों की पार्किंग।

पटना साइंस कॉलेज और पटना कॉलेज: कॉलेज के मैदान में पार्किंग।

पटना सिटी: छोटी और दोपहिया गाड़ियों के लिए सिटी स्कूल, चौक, मंगल तालाब के आसपास तथा पटना साहिब रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग की व्यवस्था।

एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को छूट

निर्धारित प्रतिबंधों से एंबुलेंस, आपातकालीन वाहन, शव वाहन और पासधारक वाहनों को छूट दी गई है। ऐसे में आम वाहन चालकों को सलाह है कि घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य के अनुसार वैकल्पिक मार्ग तय कर लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।दशहरा के दौरान भीड़ और जाम से बचने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। अंतिम समय में रूट में बदलाव संभव होने के कारण निकलने से पहले स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की ताजा सूचना जरूर देख लें।

हीरेश कुमार