Patna Food Safety: पनीर खरीदने से पहले सावधान, पटना के नामी रेस्टोरेंट-स्वीट्स दुकानों के पनीर, खोवा, क्रीम और काजू गुणवत्ता जांच में हुए फेल, अब नोटिस और भारी जुर्माने की तैयारी

Patna Food Safety: पटना के नामचीन रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में इस्तेमाल हो रही पनीर, खोवा, क्रीम और काजू जैसी खाद्य सामग्री तय मानकों पर खरी नहीं उतरी।...

Patna Food Dept Cracks Down on Top Restaurants Sweet Shops

Patna Food Safety: पटना के नामचीन रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों पर बिहार खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। गुणवत्ता जांच में छह प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल हो रही पनीर, खोवा, क्रीम और काजू जैसी खाद्य सामग्री तय मानकों पर खरी नहीं उतरी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया तेज़ कर दी है। गुरुवार को सभी प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मुकेश कश्यप के अनुसार, संबंधित प्रतिष्ठानों को जांच रिपोर्ट पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए पांच दिनों का समय दिया जाएगा। यदि कोई संचालक रिपोर्ट को चुनौती देता है तो नमूनों की दोबारा जांच केंद्र सरकार की रेफरल लैब में कराई जाएगी। इस दोबारा जांच का पूरा खर्च संबंधित प्रतिष्ठान को ही उठाना होगा। यदि तय समय के भीतर जवाब नहीं दिया गया तो मामला अदालत भेजा जाएगा, जहां दोष सिद्ध होने पर तीन से पांच लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

यह कार्रवाई 13 जून को कंकड़बाग इलाके में चलाए गए विशेष अभियान के बाद शुरू हुई है। उस दिन खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक साथ छह रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों के कारखानों और गोदामों में छापेमारी कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे। जांच के दायरे में शालीमार स्वीट्स, सेवन रेस्त्रां, नोवेल्टी, चिनार, चानन और मोतीचूर स्वीट्स शामिल थे। प्रयोगशाला जांच में कई नमूने गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

विभागीय अधिकारियों ने यह भी बताया कि निरीक्षण के दौरान कई खाद्य सामग्रियों से दुर्गंध आ रही थी, जो उनके खराब होने या गुणवत्ता प्रभावित होने का संकेत माना गया। इसे देखते हुए विभाग अब जांच अभियान को और व्यापक बनाने की तैयारी में है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में बोरिंग रोड, बोरिंग कैनाल रोड, पाटलिपुत्र कॉलोनी और कुर्जी इलाके के रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में भी विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार