पटना क्राइम न्यूज़: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका,भूमि विवाद में हुई फायरिंग के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 को दबोचा

राजधानी के गौरीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्दाचक गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई है। इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Patna gaurichak firing over land dispute
भूमि विवाद में हुई फायरिंग के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन- फोटो : news 4 nation AI

राजधानी पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के नन्दाचक गांव में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और नन्दाचक गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के समय मौके पर गाली-गलौज और चीख-पुकार के बीच कई राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है।


थाने से अंचल कार्यालय भेजने के बाद भी नहीं माना कोई पक्ष

घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच भूमि को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले ही दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया था और मामले के शांतिपूर्ण निपटारे के लिए उन्हें अंचल अधिकारी (CO) के पास जनता दरबार की बैठक में भेजा था। लेकिन प्रशासन की इस पहल के बावजूद, दोनों पक्षों में से कोई भी शांत नहीं हुआ और जनता दरबार की प्रक्रिया के बीच ही गांव में हिंसक मोर्चा खुल गया।


दोनों तरफ से हुई फायरिंग, पुलिस ने 4 उपद्रवियों को किया गिरफ्तार

मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस वारदात में किसी एक पक्ष की गलती नहीं थी, बल्कि दोनों ही गुटों की ओर से हथियारों का प्रदर्शन किया गया और गोलियां चलाई गईं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें उपद्रवी गाली-गलौज करते दिख रहे हैं और फायरिंग की आवाज साफ सुनी जा सकती है। सूचना मिलते ही गौरीचक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दोनों पक्षों के कुल 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।


काउंटर केस की तैयारी, कड़े एक्शन में पुलिस

पुलिस गिरफ्त में आए चारों आरोपियों को जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। दोनों ही पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ मामला (काउंटर केस) दर्ज करा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समाज में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और सरेआम गोलीबारी करने वालों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। फिलहाल इलाके में भारी बारिश और बिजली कटने के कारण प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया में थोड़ी बाधा आई है, लेकिन पुलिस आरोपियों के नाम और उनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

रिपोर्ट - रजनीश कुमार