पारिवारिक विवाद में दो सगे भाइयों के बीच चली गोली, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी

सुपौल जिले से दो सगे भाइयों के बीच विवाद में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस मामले को लेकर दोनो पक्षों की ओर से थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.....

पारिवारिक विवाद में दो सगे भाइयों के बीच चली गोली, दोनों पक्
दो सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले से दो सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष की एक बड़ी खबर सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के मानिकचंद चकला में शुक्रवार की रात आपसी विवाद अचानक हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. घटना के दौरान जमकर मारपीट हुई और खुलेआम गोलियां भी चलाई गईं. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव है. मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, वहीं पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य भी बरामद किए हैं.


पहले पक्ष घर पर चढ़कर की दो राउंड फायरिंग करने और सोने की चेन छिनने का लगाया आरोप

मामले में पहले पक्ष के भीम प्रसाद यादव ने राघोपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए विपक्षी दल पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है. आवेदन के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब सवा नौ बजे बाबूल यादव उर्फ वीरेन्द्र यादव, अंकित यादव, आदित्य कुमार और भगवान सिंह लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर उनके घर पर आ धमके. आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दो राउंड हवाई फायरिंग की. भीम प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके गले से एक भरी सोने की चेन भी लूट ली गई.


दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट और बहन के साथ अभद्र व्यवहार का लगाया गंभीर आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष के अंकित कुमार ने भी थाने में आवेदन देकर भीम प्रसाद यादव और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप मढ़े हैं. अंकित कुमार का कहना है कि शुक्रवार की रात दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनकी बहन बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी घोर दुर्व्यवहार किया. अंकित के मुताबिक, जब स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुटे तब जाकर उनकी जान बची. उन्होंने विरोधी पक्ष पर झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रचने का भी दावा किया है.


पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किया कारतूस का खोखा

वारदात की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मानिकचंद चकला वार्ड संख्या-03 स्थित घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की छानबीन की, जहाँ से उन्हें जमीन पर गिरा हुआ एक कारतूस का खोखा बरामद हुआ. पुलिस ने इस खोखे को जब्त कर साक्ष्य के रूप में अपने पास रख लिया है. खोखा मिलने से घटना के दौरान फायरिंग होने के दावों को बल मिला है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को आधार बनाकर दो अलग-अलग क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली है.


लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग साबित हुआ तो रद्द होगा लाइसेंस: थानाध्यक्ष

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन पर केस दर्ज कर मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि घटनास्थल से मिले खोखे की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी. यदि जांच के दौरान लाइसेंसी हथियार से फायरिंग करने और कानून का दुरुपयोग करने की पुष्टि होती है, तो संबंधित शस्त्र के लाइसेंस को तुरंत रद्द करने के लिए सक्षम जिला प्राधिकारी को आधिकारिक प्रस्ताव भेजा जाएगा. पुलिस निष्पक्षता से साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट