पटना में सनसनी: अशोक राजपथ डबल डेकर पुल से छात्रा ने लगाई छलांग, पहचान की कोशिश जारी
पटना कॉलेज के पास डबल डेकर पुल से एक छात्रा ने कूदकर जान देने की कोशिश की। पीरबहोर पुलिस ने घायल छात्रा को गंभीर हालत में PMCH में भर्ती कराया है। पहचान और कारणों की जांच जारी।
राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना कॉलेज के समीप गुरुवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक छात्रा ने नवनिर्मित डबल डेकर पुल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया। छात्रा को पुल से नीचे गिरते देख स्थानीय लोग और राहगीर दंग रह गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुँची टीम ने छात्रा को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुँचाया।
PMCH में भर्ती कराई गई छात्रा, स्थिति बनी हुई है नाजुक
घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, काफी ऊँचाई से गिरने के कारण छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। फिलहाल मेडिकल टीम उसे बचाने की हरसंभव कोशिश कर रही है।
पीरबहोर थाना अध्यक्ष ने की पुष्टि, पहचान की कोशिशें जारी
पीरबहोर थाना अध्यक्ष शहजाद गद्दी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा फिलहाल इलाजरत है। अभी तक छात्रा की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही उसके पास से कोई ऐसा दस्तावेज मिला है जिससे उसके नाम या पते का पता चल सके। पुलिस आस-पास के शिक्षण संस्थानों और हॉस्टल में भी छात्रा के बारे में जानकारी जुटा रही है ताकि उसके परिजनों को सूचित किया जा सके।
आत्मघाती कदम के पीछे की वजहों की जांच में जुटी पुलिस
छात्रा ने इस तरह का आत्मघाती कदम क्यों उठाया, पुलिस अब इस बिंदु पर सघन जांच कर रही है। क्या यह मामला किसी मानसिक तनाव का है या इसके पीछे कोई अन्य पारिवारिक या शैक्षणिक कारण, पुलिस हर एंगल से मामले को खंगाल रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी देख रही है ताकि घटनाक्रम का स्पष्ट पता चल सके।
रिपोर्ट - अनिल कुमार