पटना हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन: चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति पर भारी हंगामा, अधूरी रही बैठक

पटना हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की जेनरल बॉडी मीटिंग हंगामे के कारण अधूरी रही। रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति को लेकर हुए विवाद के बाद अब मामला बार काउंसिल तक पहुँच सकता है।

पटना हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन: चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर

Patna - पटना हाईकोर्ट के प्रतिष्ठित एडवोकेट एसोसिएशन के आगामी चुनाव हेतु रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति के लिए बुलाई गई जेनरल बॉडी की बैठक बुधवार को काफी हंगामेदार रही। बैठक की शुरुआत में जब अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों की चर्चा शुरू की, तो डॉ. कुमार अमितेश और प्रवीण कुमार पाण्डेय समेत अन्य अधिवक्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया।

अध्यक्ष और सचिव के बीच में जाने से बढ़ा विवाद

विवाद उस समय गहरा गया जब रिटर्निंग ऑफिसर के लिए अधिवक्ता द्विवेदी सुरेंद्र और अधिवक्ता दिवाकर यादव के नाम का प्रस्ताव सदन में रखा गया। प्रस्ताव आते ही अध्यक्ष और सचिव मीटिंग को बीच में ही छोड़कर चले गए, जिस कारण आधिकारिक रूप से नाम पर मुहर नहीं लग सकी। अध्यक्ष और सचिव के जाने के बाद उपस्थित सदस्यों के अनुरोध पर डॉ. आलोक कुमार सिन्हा ने बैठक को संबोधित किया, जहाँ उपस्थित सदस्यों की सहमति से अधिवक्ता द्विवेदी सुरेंद्र के नाम का अनुमोदन किया गया।

बार काउंसिल से हस्तक्षेप की मांग

अध्यक्ष और सचिव की अनुपस्थिति में हुई इस बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अब बिहार स्टेट बार काउंसिल से हस्तक्षेप का अनुरोध किया जाएगा। अधिवक्ताओं का कहना है कि बार काउंसिल अपने स्तर से रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति करे ताकि एसोसिएशन का चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

वरिष्ठ अधिवक्ताओं की रही मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण बैठक में वरीय अधिवक्ता शिवेंद्र किशोर, जगरनाथ सिंह, छाया मिश्रा, प्रेम पासवान, रणविजय सिंह यादव, राम संदेश राय, नागेंद्र दूबे, राजेश पाठक, सुनील सिंह और उमेश नारायण दुबे समेत सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे। बैठक के बेनतीजा रहने से अब एसोसिएशन के चुनाव की प्रक्रिया पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं।