Income Tax Golambar: बदल जाएगा पटना का इनकम टैक्स गोलंबर, ट्रैफिक व्यवस्था में 'महा-परिवर्तन', जानिए क्या है नीतीश सरकार का नया प्रोजेक्ट

Income Tax Golambar: जानकारी अनुसार इनकम टैक्स गोलंबर के घेरे को छोटा किया जाएगा ताकि गाड़ियों के मुड़ने के लिए ज्यादा जगह मिल सके। मंदिरी नाला सड़क के शुरू होने से ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा, जिसे संभालने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।

इनकम टैक्स गोलंबर
इनकम टैक्स गोलंबर होगा छोटा - फोटो : AI Image

Income Tax Golambar: राजधानी पटना को जाम मुक्त बनाने के लिए लगतार कोशिशें की जा रही है। इसी कड़ी में जाम की समस्या को कम करने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है जिसके तहत अब इनकम टैक्स गोलंबर को छोटा किया जाएगा। यह निर्णय मंदिरी नाला पर बन रही सड़क के इसी माह के अंत तक पूरा होने की संभावना को देखते हुए लिया गया है। सड़क चालू होते ही इनकम टैक्स गोलंबर और तारामंडल के सामने जाम की स्थिति बनने की आशंका है जिसे रोकने के लिए सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी।

इसी महीने पूरा होगा काम 

मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंदिरी नाला और बाकरगंज नाला प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। प्रमंडलीय आयुक्त सह बुडको के एमडी अनिमेष कुमार पराशर ने बताया कि मंदिरी नाले का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। सिर्फ 40 मीटर का हिस्सा शेष है। जिसे इस माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।

मंदिरी नाला प्रोजेक्ट पर 86.98 करोड़ खर्च

स्मार्ट सिटी योजना के तहत मंदिरी नाला का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसके साथ ही नाले के ऊपर 1289 मीटर लंबी सड़क का निर्माण हो रहा है। इस परियोजना पर कुल 86.98 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह नाला एसपी वर्मा रोड, मीठापुर, गर्दनीबाग, बाबू बाजार, धोबीघाट, ईको पार्क, छज्जूबाग, एमएलए फ्लैट और सिंचाई भवन जैसे महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ेगा। आयकर गोलंबर से बांसघाट तक 5.5 मीटर चौड़ी दो लेन सड़क बनाई जा रही है। जिसमें डिवाइडर भी होगा। इसके अलावा दो लेन के संपर्क पथ, स्लूइस गेट, डी-सिल्टिंग चैंबर, स्ट्रीट लाइटिंग और लैंडस्केपिंग का भी प्रावधान है।

बाकरगंज नाला प्रोजेक्ट पर 26.98 करोड़ खर्च

बाकरगंज नाला प्रोजेक्ट भी स्मार्ट सिटी फंड से संचालित हो रहा है। जिसका कार्यान्वयन बुडको द्वारा किया जा रहा है। इस परियोजना पर 26.98 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नाले के जीर्णोद्धार के साथ सड़क निर्माण भी किया जा रहा है। जिससे लालजी टोला, रेलवे कॉलोनी, पीरमुहानी मछली गली, सालिमपुर अहरा, राजेंद्रपथ, दलदली रोड, भंवर पोखर, अशोक राजपथ, बारी पथ, रामगुलाम चौक और गांधी मैदान क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

पांच वार्डों को मिलेगा लाभ

इस परियोजना से वार्ड संख्या 21, 24, 25, 26 और 27 के लोगों को गंदे नाले की बदबू से राहत मिलेगी और बेहतर यातायात सुविधा भी उपलब्ध होगी। इनकम टैक्स गोलंबर से वाहन सीधे अशोक राजपथ की ओर जा सकेंगे, जिससे डाकबंगला चौराहा जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

पहले भी छोटा किया गया था जंक्शन गोलंबर

इससे पहले पटना जंक्शन गोलंबर को भी छोटा किया जा चुका है। वहां पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को स्थानांतरित कर गोलंबर का आकार 40 मीटर से घटाकर 12 मीटर कर दिया गया था। साथ ही तीन लेन की सड़क का निर्माण कराया गया। जिस पर 1.71 करोड़ रुपये खर्च हुए। इससे जाम की समस्या में काफी हद तक सुधार हुआ। अब प्रशासन राजधानी के अन्य प्रमुख गोलंबरों को भी छोटा करने की योजना पर विचार कर रहा है। ताकि शहर में यातायात व्यवस्था को और सुगम बनाया जा सके।