Bihar Police Corruption: बिहार के पुलिस का नया कांड! SI ने जब्त मोबाइल चोरी कर युवक पर लगाया आरोप, उल्टा कर दी पिटाई, जानें पूरा मामला
Bihar Police Corruption: सहरसा बसनही थाना में पदस्थापित एसआई बबलू यादव पर जब्त मोबाइल चोरी करवाने, युवक की पिटाई और अवैध नशे के कारोबार से जुड़े गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की जांच की मांग तेज।
Bihar Police Corruption: सहरसा के बसनही थाना में पदस्थापित एक दारोगा पर जब्त मोबाइल चोरी करवाने और उसे बेचकर पैसे लेने का गंभीर आरोप लगा है। महुआ बाजार निवासी सुबोध भगत के पुत्र विशाल कुमार ने थाना में तैनात एसआई बबलू यादव पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
पीड़ित विशाल कुमार का आरोप है कि एसआई बबलू यादव के कहने पर उसने थाने के रिकॉर्ड रूम से कैदियों के जब्त मोबाइल फोन चोरी किए। उसका कहना है कि मोबाइल बेचने पर उसे पांच हजार रुपये मिले, जिसमें से तीन हजार रुपये उसने एसआई को दिए। विशाल के अनुसार, बाद में उसी चोरी के आरोप में उसे और दो अन्य युवकों को हिरासत में लिया गया। उसने आरोप लगाया कि थाने में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। वहीं अन्य दो युवकों से कथित तौर पर मोटी रकम लेकर उन्हें छोड़ दिया गया। बाद में उसे भी रिहा कर दिया गया।
पिटाई में गंभीर चोट का दावा
विशाल का कहना है कि पिटाई के दौरान उसके हाथ में गंभीर चोट आई। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
अवैध नशे के कारोबार से जुड़ा आरोप
युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि एसआई उससे अक्सर अवैध नशे के कारोबारियों की जानकारी मांगते थे। उसका दावा है कि पुलिस द्वारा जब्त नशे की सामग्री उसे बेचने के लिए दी जाती थी और बिक्री की रकम का आधा हिस्सा एसआई को देना पड़ता था। इन आरोपों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। स्थानीय लोगों ने वरीय पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
इस संबंध में एसआई बबलू यादव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी। वहीं सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश ठाकुर ने कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी। फिलहाल आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।