Patna LPG Scam: पटना में रसोई गैस पर काला खेल, घर पहुंचे बिना ही डिलीवरी का मैसेज, जांच में खुला बड़ा झोल
Patna LPG Scam: पटना में इन दिनों घरेलू रसोई गैस की किल्लत ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के कई इलाकों में उपभोक्ता सिलेंडर के इंतज़ार में परेशान हैं, जबकि गैस एजेंसियां सर्वर खराबी का हवाला देकर ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत की बात कह रही हैं। मगर जमीनी हकीकत की पड़ताल करने पर मामला सिर्फ तकनीकी खराबी तक सीमित नहीं दिखता, बल्कि इसमें कुप्रबंधन और संभावित कालाबाजारी की बू भी महसूस हो रही है।
दरअसल, एक उपभोक्ता ने गैस सिलेंडर के लिए ऑनलाइन बुकिंग की। बुकिंग के बाद उनके मोबाइल पर ओटीपी भी आया, जिससे यह भरोसा हो गया कि प्रक्रिया पूरी हो गई है। लेकिन कुछ ही देर बाद एक और मैसेज आया जिसमें लिखा था कि गैस सिलेंडर आपके घर तक पहुंचा दिया गया है, कृपया फीडबैक दें। ग्राहक ने खुशी में बिना देर किए फीडबैक भी दे दिया और सिलेंडर आने का इंतजार करने लगे। मगर हैरत की बात यह रही कि दो दिन तक कोई डिलीवरी बॉय उनके घर नहीं पहुंचा। उपभोक्ता ने कई बार अपने वेंडर को फोन किया, लेकिन हर बार कॉल अनसुनी रह गई। इस पूरे घटनाक्रम ने उपभोक्ता के मन में कई सवाल खड़े कर दिए कि आखिर सिलेंडर की डिलीवरी का मैसेज कैसे भेज दिया गया, जबकि गैस पहुंची ही नहीं।
मामला सामने आने के बाद पटना पुलिस और जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। पुलिस का कहना है कि एलपीजी गैस की ब्लैक मार्केटिंग और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी पटना के निर्देश पर दानापुर अनुमंडल क्षेत्र की एक गैस एजेंसी के डिलीवरी बॉय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत न्यू तारापुर, दानापुर के एक उपभोक्ता ने जिला नियंत्रण कक्ष में दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि उन्होंने सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन गैस की आपूर्ति नहीं की गई, जबकि मोबाइल पर यह मैसेज भेज दिया गया कि सिलेंडर पहुंचा दिया गया है।
जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा है कि एलपीजी उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। अगर कहीं ब्लैकमार्केटिंग, जमाखोरी या ज्यादा कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलती है तो दोषियों के खिलाफ एस्मा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही जिला प्रशासन ने घरेलू गैस से जुड़ी शिकायतों के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810) को सक्रिय किया है। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक कोई भी उपभोक्ता इस हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकता है। प्रशासन का दावा है कि हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक एजेंसी की लापरवाही है या फिर पटना में गैस सप्लाई के नाम पर कहीं बड़ा खेल तो नहीं चल रहा?