Patna firing: मनेर थाने के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग! 12 किमी पीछा कर 30 मिनट में 3 आरोपी गिरफ्तार

Patna firing: पटना के मनेर थाने के सामने बाइक सवार तीन युवकों ने फायरिंग की। पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर पीछा कर आधे घंटे में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Patna firing

Patna firing:  पटना के मनेर में शनिवार रात थाने के मुख्य गेट के पास फायरिंग से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, लाल रंग की यामाहा R15 बाइक पर सवार तीन युवकों ने मनेर थाना के सामने एक राउंड फायरिंग की और वहां से भाग निकले। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

फायरिंग की सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने बाइक सवार युवकों का पीछा शुरू किया।


12 किलोमीटर पीछा करने के बाद पकड़े गए आरोपी


पुलिस के अनुसार, आरोपियों का करीब 12 किलोमीटर तक पीछा किया गया। इसके बाद चितनावा नई सड़क के पास पुलिस टीम ने तीनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनकी पहचान गौतम कुमार, गोविंद कुमार और गोलू कुमार के रूप में बताई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के करीब आधे घंटे के अंदर ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।


भीड़भाड़ वाले इलाके में दहशत फैलाने का आरोप


पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि फायरिंग का मकसद भीड़भाड़ वाले इलाके में डर का माहौल बनाना हो सकता है। मनेर बाजार एक व्यस्त इलाका है और थाने के मुख्य गेट के पास फायरिंग होने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने फायरिंग क्यों की और उनके पास हथियार कहां से आया। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच के बाद आगे की जानकारी सामने आएगी। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।