छठ के बाद एक्शन में प्रशासन! पटना के 21 सेक्टरों में गंगा घाटों की डीप क्लीनिंग, डीएम और नगर आयुक्त ने लिया जायजा

छठ महापर्व के सफल समापन के बाद पटना जिला प्रशासन और नगर निगम ने गंगा घाटों पर मेगा सफाई अभियान शुरू किया है। 350 सफाई कर्मियों और मशीनों की मदद से घाटों की सफाई की पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

Patna Ganga Ghat Cleaning Drive
छठ महापर्व के बाद पटना में मेगा सफाई अभियान, गंगा घाटों को किया जा रहा है स्वच्छ- फोटो : Reporter

लोक आस्था के महापर्व छठ के सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद अब पटना जिला प्रशासन और नगर निगम एक्शन मोड में आ गया है। गंगा घाटों को दोबारा स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप देने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा एक व्यापक मेगा सफाई अभियान की शुरुआत की गई है। इस विशेष अभियान के तहत गंगा किनारे के सभी हिस्सों से युद्ध स्तर पर कचरा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।


21 सेक्टरों में बांटे गए घाट, 350 सफाई कर्मियों ने संभाला मोर्चा

इस मेगा सफाई अभियान के तहत गंगा किनारे के सभी 21 सेक्टरों को चिन्हित कर वहां सेक्टर पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। पाटलिपुत्र, बांकीपुर, पटना सिटी, अजीमाबाद और नूतन राजधानी अंचलों के अंतर्गत कुल 350 से अधिक सफाई कर्मियों को मैदान में उतारा गया है। जेसीबी, हाइवा, क्लोज टिपर और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक मशीनों की मदद से घाटों की डीप क्लीनिंग (गहन सफाई) की जा रही है।


पूजा सामग्री और कूड़े का निस्तारण, डीएम और नगर आयुक्त ने लिया जायजा

अभियान के दौरान घाटों पर बिखरे पड़े कचरों और पूजन सामग्रियों का सुरक्षित संग्रहण कर उनका उचित निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही घाटों की ड्रेसिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। कार्यों की जमीनी हकीकत देखने के लिए जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार और नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने खुद दीघा घाट पहुंचकर मेगा सफाई अभियान का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


कार्तिक पूर्णिमा को लेकर बैरिकेडिंग मजबूत रखने और सुरक्षा के निर्देश

जिलाधिकारी ने आगामी कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि गंगा घाटों पर पानी के अंदर की गई बैरिकेडिंग को फिलहाल यथावत और अधिक सुदृढ़ रखा जाए, ताकि स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुख्ता बनी रहे। इसके अलावा दानापुर से पटना सिटी तक के सभी गंगा घाटों के साथ-साथ शहर के अन्य छठवर्ती तालाबों और पोखरों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।


नागरिकों से अपील: जलस्रोतों को स्वच्छ रखने में प्रशासन का करें सहयोग

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे नदियों, पोखरों और जलाशयों में सीधे कूड़ा-कचरा या पूजन सामग्री न डालें। कचरे को केवल निर्धारित कूड़ेदानों या स्थलों पर ही फेंकें। अधिकारियों का कहना है कि गंगा और अन्य जलस्रोतों की निर्मलता और स्वच्छता को बनाए रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट