पटना मेट्रो की रफ्तार तेज, अक्टूबर से खेमनीचक स्टेशन पर दौड़ेगी ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Patna Metro: पटना मेट्रो के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब खेमनीचक स्टेशन पर अक्टूबर से मेट्रो ट्रेन रुकने लगेगी ...

Patna Metro
पटना मेट्रो की रफ्तार तेज- फोटो : reporter

Patna Metro: पटना मेट्रो के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब खेमनीचक स्टेशन पर अक्टूबर से मेट्रो ट्रेन रुकने लगेगी और आम यात्री यहां से सफर शुरू कर सकेंगे। सोमवार को हुई पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन  की अहम बैठक में इस फैसले पर मुहर लगाई गई। खेमनीचक के चालू होने के बाद पटना मेट्रो के परिचालन में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव जुड़ जाएगा।

फिलहाल पटना मेट्रो 6.2 किलोमीटर के रूट पर संचालित हो रही है। अभी चार स्टेशनों-आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी से यात्री मेट्रो सेवा का लाभ उठा रहे हैं। खेमनीचक स्टेशन के शुरू होने के बाद यह पटना मेट्रो का पांचवां सक्रिय स्टेशन बन जाएगा।पीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार, खेमनीचक एक इंटरचेंज स्टेशन है, जिसके कारण इसके निर्माण कार्य में कुछ देरी हुई। यहां से कॉरिडोर-1 का रूट आगे बढ़ेगा। यह स्टेशन मेट्रो नेटवर्क के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि यहां से अलग-अलग रूटों को जोड़ने की योजना है।

बैठक के दौरान मेट्रो परियोजना के सभी निर्माण पैकेज और अलग-अलग हिस्सों की समीक्षा की गई। पीएमआरसी के एमडी संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।

वहीं, बेली रोड पर अंडरग्राउंड टनल निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। विद्युत भवन, विकास भवन और पटना जू के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

खेमनीचक से मीठापुर तक 3.1 किलोमीटर एलिवेटेड मेट्रो लाइन का निर्माण लगभग 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस रूट में जगनपुरा, रामकृष्णा नगर और मीठापुर स्टेशन शामिल हैं। इस हिस्से को जून 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा मलाही पकड़ी से पटना जंक्शन तक करीब 8 किलोमीटर अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस रूट में राजेंद्र नगर, मोइनुल हक, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी और पटना जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं। इस अंडरग्राउंड रूट को वर्ष 2028 तक शुरू करने की योजना है।पटना मेट्रो के विस्तार के साथ शहर में यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। खेमनीचक स्टेशन के शुरू होने से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और पटना के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।