छठ महापर्व को लेकर पटना नगर आयुक्त ने किया घाटों का निरीक्षण, बाढ़ से क्षतिग्रस्त सीढ़ियों एवं पोर्टिको की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। पर्व के दौरान व्रतियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसे लेकर तैयारी शुरु कर दी है। नगर आयुक्त ने गुरुवार को कई घाटों का निरीक्षण कर कई जरुरी निर्देश दिए....

छठ महापर्व को लेकर पटना नगर आयुक्त ने किया घाटों का निरीक्षण
महापर्व छठ की तैयारी में जुटी पटना नगर निगम प्रशासन- फोटो : अनिल कुमार

Patna : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गंगा घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को समय पर दुरुस्त करने के लिए नगर आयुक्त यशपाल मीणा लगातार स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को नगर आयुक्त ने वरिष्ठ अधिकारियों और अभियंताओं के दल के साथ बांकीपुर अंचल के अंतर्गत आने वाले सभी 18 गंगा घाटों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टीएन बनर्जी घाट, वंशीघाट, दरभंगा हाउस घाट, लॉ कॉलेज घाट, रौशन घाट और चौधरी टोला घाट की वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।


बाढ़ के बाद जमा गाद और क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश

इस वर्ष मानसून के दौरान आई बाढ़ की वजह से गंगा घाटों पर भारी मात्रा में गाद (सिल्ट) जमा हो गई है, जिससे सफाई कार्य में कठिनाई आ रही है। कई घाटों पर सीढ़ियां और पोर्टिको अब भी पानी में डूबे हैं या कीचड़ से पटे हुए हैं। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों की 'डीप क्लीनिंग' युद्ध स्तर पर कराई जाए। साथ ही, बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सीढ़ियों, पोर्टिको और अन्य संरचनाओं की मरम्मत का काम सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


जलस्तर घटने के अनुमान को देखते हुए रास्तों और एप्रोच रोड पर विशेष फोकस

चूंकि इस वर्ष छठ महापर्व नवंबर के मध्य में मनाया जाना है, ऐसे में तब तक गंगा नदी का जलस्तर काफी नीचे जाने की संभावना है। जलस्तर घटने से पानी घाटों से दूर चला जाता है और दलदल जैसी स्थिति बन जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों तक पहुंचने वाले कच्चे-पक्के रास्तों (एप्रोच रोड) और बैरिकेडिंग की व्यवस्था का अभी से पूर्व आकलन कर लिया जाए, ताकि बाद में श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।


निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

निरीक्षण अभियान के दौरान नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त, मुख्य नगर अभियंता, बांकीपुर अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी, बांकीपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता और विद्युत अभियंता समेत कई प्रमुख अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। निगम प्रशासन का दावा है कि समय रहते सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम, सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित कर लिए जाएंगे।


अनिल की रिपोर्ट