Patna Municipal Corporation: पटना नगर निगम की बड़ी पोल! 6 महीने में आईं 15,719 शिकायतें, स्ट्रीट लाइट और कूड़ा बना सबसे बड़ा सिरदर्द

Patna Municipal Corporation: पटना नगर निगम को पिछले छह महीनों में 15,719 शिकायतें मिली हैं। सबसे ज्यादा शिकायतें खराब स्ट्रीट लाइट और घरों से कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं आने को लेकर दर्ज हुई हैं। जानिए पूरी रिपोर्ट।

Patna Municipal Corporation

Patna Municipal Corporation: बिहार की राजधानी पटना में नगर निगम की हेल्पलाइन और व्हाट्सएप चैटबॉट पर सबसे ज्यादा शिकायतें खराब स्ट्रीट लाइट को लेकर आ रही हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर घरों से कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं पहुंचने की शिकायतें दर्ज की गई हैं। नगर निगम के 1 जनवरी से 2 जुलाई तक के छह महीने के आंकड़ों से पता चलता है कि शहर में सड़क की रोशनी और डोर-टू-डोर कचरा उठाने की व्यवस्था लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है।

नगर निगम के अनुसार, पिछले छह महीनों में कुल 15,719 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें 10,550 शिकायतें टोल-फ्री नंबर के जरिए और 5,169 शिकायतें व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से मिलीं। इनमें से 12,043 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है, जबकि 3,676 शिकायतों पर अभी कार्रवाई चल रही है। सबसे ज्यादा 7,940 शिकायतें स्ट्रीट लाइट खराब होने की दर्ज की गईं, जो कुल शिकायतों का 50.51 प्रतिशत है। इनमें 6,132 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है, जबकि 1,808 शिकायतें अभी लंबित हैं। इसका मतलब है कि हर दो शिकायतों में से एक शिकायत सड़क की रोशनी से जुड़ी हुई है।

घरों से कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं आने की शिकायतें

दूसरे स्थान पर घरों से कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं आने की 2,382 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें 1,956 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया है, जबकि 426 मामलों में अभी कार्रवाई बाकी है।इसके अलावा नगर निगम को जलजमाव, खुले मैनहोल और नालियां, सड़कों पर कचरे का ढेर, आवारा कुत्तों की समस्या, पानी का रिसाव, टूटी पाइपलाइन, एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग, मलबा हटाने, सार्वजनिक शौचालयों में पानी और बिजली की कमी, मृत पशुओं को हटाने तथा सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं। नगर निगम का कहना है कि लोगों की सुविधा के लिए 24 घंटे टोल-फ्री नंबर 155304 और व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9264447449 उपलब्ध है। इन दोनों माध्यमों से नागरिक आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है

नगर निगम के अनुसार, शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे साफ है कि लोग अब तकनीकी माध्यमों का अधिक उपयोग कर रहे हैं। निगम ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को शिकायतों का समय पर समाधान करने के निर्देश दिए हैं। वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार नगर निगम को पूरे साल में 26,462 शिकायतें मिली थीं। इनमें 17,214 शिकायतें टोल-फ्री नंबर पर और 9,248 शिकायतें व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से दर्ज की गई थीं।

टोल-फ्री नंबर पर प्राप्त शिकायतों का विवरण

स्ट्रीट लाइट से जुड़ी 6,354 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 4,854 का समाधान हुआ और 1,500 लंबित हैं। कचरा गाड़ी नहीं आने की 1,317 शिकायतें मिलीं, जिनमें 935 का निपटारा हुआ और 382 लंबित हैं। सीवर और वर्षा जल के ओवरफ्लो की 1,097 शिकायतों में 847 का समाधान हुआ और 250 लंबित हैं। खुले मैनहोल और नालियों की 391 शिकायतों में 186 का निपटारा हुआ और 205 लंबित हैं। आवारा कुत्तों की 335 शिकायतों में 237 का समाधान हुआ और 98 लंबित हैं। कचरे के ढेर की 287 शिकायतों में 191 का समाधान हुआ और 96 लंबित हैं। 

एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग की शिकायत

एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग की 219 शिकायतों में 191 का निपटारा हुआ और 28 लंबित हैं। मृत पशुओं को हटाने की 186 शिकायतों का पूरी तरह समाधान कर दिया गया। सफाई नहीं होने की 183 शिकायतों में 149 का समाधान हुआ और 34 लंबित हैं। पानी के रिसाव और टूटी पाइपलाइन की 167 शिकायतों में 63 का निपटारा हुआ और 104 लंबित हैं। मलबा हटाने और निर्माण सामग्री से जुड़ी 14 शिकायतों में 11 का समाधान हुआ और 3 लंबित हैं। इस तरह टोल-फ्री नंबर पर कुल 10,550 शिकायतें मिलीं, जिनमें 7,850 का समाधान हुआ और 2,700 लंबित हैं।

व्हाट्सएप चैटबॉट पर प्राप्त शिकायतों का विवरण

व्हाट्सएप चैटबॉट पर स्ट्रीट लाइट की 1,586 शिकायतें मिलीं, जिनमें 1,278 का समाधान हुआ और 308 लंबित हैं। कचरा गाड़ी नहीं आने की 1,065 शिकायतों में 1,021 का निपटारा हुआ और 44 लंबित हैं। कचरे के ढेर की 807 शिकायतों में 735 का समाधान हुआ और 72 लंबित हैं। जलजमाव की 673 शिकायतों में 577 का निपटारा हुआ और 96 लंबित हैं। खुले मैनहोल और नालियों की 596 शिकायतों में 260 का समाधान हुआ और 336 लंबित हैं। पानी के रिसाव और टूटी पाइपलाइन की 255 शिकायतों में 139 का निपटारा हुआ और 116 लंबित हैं। 

एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग की शिकायतों पर काम

एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग की 176 शिकायतों में 173 का समाधान हुआ और 3 लंबित हैं। मलबा हटाने और निर्माण सामग्री की 5 शिकायतों में 4 का समाधान हुआ और 1 लंबित है। सार्वजनिक शौचालय में पानी और बिजली नहीं होने की 4 शिकायतों का पूरी तरह समाधान कर दिया गया। मृत पशु और सफाई नहीं होने की 1-1 शिकायत भी पूरी तरह निपटा दी गई। इस तरह व्हाट्सएप चैटबॉट पर कुल 5,169 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 4,193 का समाधान हुआ और 976 शिकायतें लंबित हैं। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी समस्या की जानकारी टोल-फ्री नंबर 155304 या व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9264447449 पर देकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।