पटना के बिक्रम में दाखिल-खारिज और मुआवजे को लेकर किसानों का प्रदर्शन, BDO ने दिया समाधान का आश्वासन

19 सूत्री मांगों को लेकर पटना के बिक्रम प्रखंड मुख्यालय पर भारतीय किसान संघ ने एक दिवसीय धरना दिया। किसानों ने भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निपटारे की मांग की, वहीं BDO ने समाधान का भरोसा दिलाया।

bikram farmers protest land issues bdo assurance
19 सूत्री मांगों को लेकर बिक्रम प्रखंड मुख्यालय पर भारतीय किसान संघ का धरना- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों ने अपनी 19 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण कुमार ने की, जबकि संचालन श्याम किशोर शर्मा ने किया। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने हिस्सा लिया।


अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार और लंबित मामलों पर आक्रोश

धरना को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार पर कड़ा विरोध जताया। किसानों ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन सहित भूमि से जुड़े अन्य लंबित मामलों का त्वरित निपटारा करने तथा भूमि अधिग्रहण और मुआवजा राशि में उचित सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से कार्यों में पारदर्शिता लाने और तय समय सीमा में समस्याओं का समाधान करने की अपील करते हुए मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।


बीडीओ ने धरना स्थल पर पहुंचकर दिया समाधान का आश्वासन

धरना के समापन के समय प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पंकज कुमार स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने किसानों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मुद्दों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।


प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय किसान रहे शामिल

इस धरना प्रदर्शन के दौरान राजू कुमार सिंह, संत कुमार, अशोक शर्मा, गुलशन सिंह, चंद्रभूषण प्रसाद सिंह और मारुति कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे। किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के आश्वासन के बाद उनके लंबित कार्यों में तेजी आएगी।

बिक्रम से  ऋषिकेश की रिपोर्ट