हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में सजेगी सुर और ताल की महफिल, कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन

सोनपुर मेले में कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। 23 नवंबर से 02 दिसंबर तक विभिन्न तिथियों पर प्रस्तुतियां होंगी जिनमें स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर के कलाकार कला की छटा बिखेरेंगे....

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में सजेगी सुर और ताल की महफिल
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में सजेगी सुर और ताल की महफिल- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 इस बार बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक कलाओं की अनूठी छटा से गुलजार होने जा रहा है। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार (पटना) के तत्वावधान में मेला परिसर में 23 नवंबर से 02 दिसंबर 2026 के बीच विभिन्न तिथियों पर भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से राज्य के स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के नामचीन कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।


भजन, गजल, लोकनृत्य, शास्त्रीय संगीत और सूफी गायन की होंगी मनमोहक प्रस्तुतियां

कला एवं संस्कृति विभाग के अनुसार, निर्धारित तिथियों 26 नवंबर, 27 नवंबर और 02 दिसंबर 2026 को अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन सांस्कृतिक संध्याओं में भजन, सुगम संगीत, गजल, लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य, लोकगायन, वाद्य वादन और सूफी गायन की विविध व मनमोहक प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने व सुनने को मिलेंगी।


26 और 27 नवंबर को लोकगायन, शास्त्रीय व सुगम संगीत तथा वाद्य वादन से सजेगा मंच

कार्यक्रम की रूपरेखा के तहत गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को पटना की प्रीति कुमारी शास्त्रीय नृत्य और उमाभारती दास लोकगायन प्रस्तुत करेंगी, वहीं पटना के महादेव संगीत कला केंद्र और सोनी कला केंद्र के कलाकार लोकनृत्य पेश करेंगे। इसके अगले दिन शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को पटना के अर्जुन कुमार चौधरी (रिदम ऑफ बिहार) वाद्य वादन, शेखपुरा की रिया चौधरी शास्त्रीय एवं सुगम संगीत, पटना की कंचन पार्वती सुगम संगीत तथा पटना की सुरागिनी द्वारा लोकनृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।


02 दिसंबर को अंतिम सांस्कृतिक संध्या में शास्त्रीय गायन और सूफी संगीत की होगी प्रस्तुति

बुधवार, 02 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली अंतिम सांस्कृतिक संध्या में डॉ. सुष्मिता झा शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गायन तथा पटना की कुमारी अभिलाषा शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगी। इसके साथ ही पटना के विष्णु कुमार थापा वाद्य वादन और अमित सिंह एमपी अपने सूफी गायन से मेला परिसर में समां बांधेंगे।


सारण जिला प्रशासन ने कला प्रेमियों और पर्यटकों से कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की

जिला प्रशासन, सारण ने कहा है कि ये सांस्कृतिक संध्याएं सोनपुर मेले की पारंपरिक गरिमा और सांस्कृतिक वैभव को नई ऊंचाई देंगी, जिससे श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बिहार की विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने मेले में आने वाले सभी आगंतुकों और कला प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


धर्मेंद्र की रिपोर्ट