Patna Protest: आरक्षण बढ़ाओ संविधान बचाओ संघर्ष समिति करेगी घेराव, पटना में हाई अलर्ट! डाकबंगला पर पहली बार लगाए गए कांटेदार तार

Patna Protest: पटना में आज आरक्षण बढ़ाओ, संविधान बचाओ आंदोलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।...

Patna on Alert as Reservation Protesters Plan Lok Bhavan Mar
पटना में हाई अलर्ट! - फोटो : reporter

Patna Protest: पटना में आज आरक्षण बढ़ाओ, संविधान बचाओ आंदोलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आरक्षण बढ़ाओ संविधान बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज के लोग बड़ी संख्या में सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। आंदोलनकारियों की योजना गांधी मैदान से मार्च निकालकर लोक भवन का घेराव करने की है। इसे देखते हुए राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस और प्रशासन की पैनी नजर है।

आंदोलन को लेकर पटना के डाकबंगला चौराहे पर सुरक्षा के लिहाज से विशेष इंतजाम किए गए हैं। बताया जा रहा है कि पहली बार यहां कांटेदार तार लगाए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई जा सकती है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

संघर्ष समिति ने आरक्षण के दायरे को बढ़ाने और संविधान की रक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर इस आंदोलन का आह्वान किया है। समिति से जुड़े लोगों का कहना है कि सामाजिक न्याय और आरक्षण के सवाल को लेकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पटना पहुंचेंगे। आंदोलनकारियों के गांधी मैदान से निकलकर लोक भवन की तरफ बढ़ने की तैयारी के चलते राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चुनौतीपूर्ण रहने की संभावना है।पटना के प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाए जाने के साथ ही प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने की तैयारी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो, इसके लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

राजधानी में आज होने वाले इस आंदोलन को लेकर आम वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा और लोक भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में लोगों को जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा सकती है।फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि आंदोलनकारी किस संख्या में गांधी मैदान पहुंचते हैं और प्रशासन उन्हें लोक भवन की ओर बढ़ने की अनुमति देता है या नहीं। आरक्षण और संविधान से जुड़े मुद्दों को लेकर होने वाले इस प्रदर्शन के मद्देनजर पटना में आज सियासी सरगर्मी के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी खास तौर पर चर्चा में है।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह