तिरंगे की आन और शान के बीच गांधी मैदान तैयार, CM सम्राट चौधरी पहली बार करेंगे ध्वजारोहण, 13 झांकियों के साथ सुरक्षा का चाक-चौबंद इंतजाम

Independence Day 2026: देश आजादी के 80वें पड़ाव पर पहुंच चुका है और आज पूरा हिंदुस्तान तिरंगे के रंग में रंगा नजर आ रहा है।...

Patna on High Alert 1500 Cops Guard Independence Day Event
तिरंगे की आन और शान के बीच गांधी मैदान तैयार- फोटो : social Media

Independence Day 2026: देश आजादी के 80वें पड़ाव पर पहुंच चुका है और आज पूरा हिंदुस्तान तिरंगे के रंग में रंगा नजर आ रहा है। दिल्ली के लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रध्वज फहराया, तो बिहार की राजधानी पटना में गांधी मैदान मुख्य राजकीय समारोह का गवाह बनेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद गांधी मैदान में यह उनका पहला स्वतंत्रता दिवस समारोह होगा। इस मौके पर सत्ता के गलियारों से लेकर आम अवाम तक देशभक्ति का जज्बा देखने को मिलेगा।

गांधी मैदान में होने वाले समारोह को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर यातायात और दर्शकों की सुविधा तक पुख्ता इंतजाम किए हैं। बारिश की आशंका को देखते हुए भी प्रशासन ने खास तैयारी की है, ताकि मौसम की बेरुखी के बावजूद समारोह में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।मुख्यमंत्री के ध्वजारोहण के बाद परेड की सलामी होगी और कई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह का एक बड़ा आकर्षण विभिन्न विभागों की झांकियां होंगी। कुल 13 विभाग अलग-अलग थीम पर अपनी झांकियां प्रस्तुत करेंगे। इन झांकियों के जरिए राज्य की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की तस्वीर पेश की जाएगी।

समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन, बिहार सरकार के मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद किया।

लेकिन जश्न के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी में कोई कसर नहीं छोड़ी है। गांधी मैदान और आसपास के इलाके में करीब 1500 जवानों की तैनाती की गई है। चप्पे-चप्पे पर निगाह रखने के लिए CCTV कैमरों के साथ ड्रोन से भी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए कैमरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने के लिए कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारी और जवान सुबह 6 बजे तक अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंच जाएंगे और समारोह समाप्त होने के बाद दर्शकों की सुरक्षित निकासी तक मोर्चे पर डटे रहेंगे।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने विशेष रणनीति तैयार की है। गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि स्वतंत्रता दिवस के इस बड़े आयोजन के दौरान जाम का झंझट न खड़ा हो। सुरक्षा और ट्रैफिक दोनों मोर्चों पर पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की गई है।

14 अगस्त को जिला प्रशासन ने अंतिम निरीक्षण और फाइनल रिहर्सल कर तैयारियों को परखा। साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रवेश और निकासी के इंतजामों को अंतिम रूप दिया गया। बारिश की संभावना के मद्देनजर दर्शकों की सुविधा पर भी विशेष फोकस रखा गया है।यानी इस बार पटना का गांधी मैदान सिर्फ तिरंगे की आन-बान-शान का मंच नहीं, बल्कि सुरक्षा, अनुशासन और देशभक्ति के जज्बे का बड़ा संगम बनने जा रहा है। लाल किले से लेकर गांधी मैदान तक आज आजादी का जश्न पूरे शान-ओ-शौकत के साथ मनाया जाएगा।